सदर सीट पर सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन बने सपा प्रत्याशी

सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष को दिया गया टिकट चार दावेदारों पर मंथन के बाद की गई घोषणा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 05:32 AM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 05:32 AM (IST)
सदर सीट पर सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन बने सपा प्रत्याशी
सदर सीट पर सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन बने सपा प्रत्याशी

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद: चार दिनों तक चले मंथन के बाद फिरोजाबाद सदर सीट पर सपा के प्रत्याशी के नाम पर फैसला हो गया। पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन भाई को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही पार्टी की जिले की पांचों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा पूरी हो गई है।

सदर सीट पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। इसलिए सपा सदर सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी को मैदान में उतारती है। सदर सीट पर आखिरी बार 2002 में सपा के अजीम भाई ने जीत हासिल की थी। इसके बाद पार्टी दूसरे नंबर पर रहती है। इस बार पूर्व विधायक अजीम भाई, दो साल पूर्व बसपा छोड़ सपा में शामिल हुए खालिद नसीर और सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन भाई की दावेदारी चल रही थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में दावेदारों से मुलाकात की थी। सोमवार को छुट्टन भाई को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। चूड़ी कारोबारी छुट्टन भाई पार्टी के पुराने कार्यकर्ता है और महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रत्याशी की घोषणा के बाद अन्य दावेदारों के समर्थकों में मायूसी छा गई। हालांकि किसी भी दावेदार की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल ने कहा कि जिले की पांचों सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।

-----

आसपा में श्रमिक नेता रामदास मानव शामिल, टिकट की दावेदारी

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद: फिरोजाबाद सदर विधानसभा सीट पर चुनावी घमासान के आसार बनते नजर आ रहे हैं। चूड़ी श्रमिकों की हड़ताल से सुर्खियों में आए श्रमिक नेता रामदास मानव भी ताल ठोकने की तैयारी में है। सोमवार को उन्होंने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और जिला प्रभारी बनाए गए। पार्टी उनके प्रत्याशी होने की घोषणा जल्द करेगी।

फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र में चूड़ी श्रमिकों की संख्या बहुतायत में है। विभिन्न जातियों के लोग चूड़ी कारोबार से जुड़े हैं। सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष महेश चंद्रा ने रामदास मानव को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि देश में सांप्रदायिक ताकतों की जड़ों को काटने के लिए एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद ने आजाद समाज पार्टी के तहत भीम आर्मी एकता मिशन बनाया है। फिरोजाबाद विधान सभा सीट से श्रमिक नेता रामदास मानव को प्रभारी नियुक्त किया जा रहा है। उनको पार्टी हाईकमान द्वारा जल्द प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। श्रमिक नेता रामदास मानव ने कहा कि मैं लंबे समय से मजदूरों का हक दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा हूं। अब जुड़ाई मजदूर चाहते हैं कि मैं विधान सभा का चुनाव लडूं। वार्ता में मंडल प्रभारी डा. सतीश संगम, पूर्व मंडल महासचिव एके वर्मा, भीम आर्मी मंडल अध्यक्ष सतीश बाबा, जिलाध्यक्ष सन्नी निमेश आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी