हाईवे पर पलटी वॉल्बो बस, गोद भराई कर लौटते 22 लोग घायल

शुक्रवार रात इटावा में गोद भराई की रस्म कर हरिद्वार अपने घर लौट रहे लोगों से भरी वॉल्बो बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला गया। हादसे में 22 लोग घायल हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Apr 2019 12:22 AM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 06:18 AM (IST)
हाईवे पर पलटी वॉल्बो बस, गोद भराई कर लौटते 22 लोग घायल
हाईवे पर पलटी वॉल्बो बस, गोद भराई कर लौटते 22 लोग घायल

सिरसागंज (फीरोजाबाद), संवाद सूत्र। शुक्रवार देर रात इटावा में गोद भराई की रस्म कर हरिद्वार अपने घर लौट रहे लोगों से भरी वॉल्बो बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। इसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला गया। हादसे में 22 लोग घायल हो गए। आनन-फानन में पुलिस इन सभी घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गई। यहां से दो गंभीर घायलों को पहले फीरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर और इसके बाद यहां से आगरा रेफर कर दिया गया।

हरिद्वार के शिवाली नगर निवासी सत्येंद्र सिंह की शादी इटावा निवासी अर्जुन सिंह कुशवाह की बेटी से तय हुई है। बीती रात गोद भराई की रस्म करने के लिए वॉल्बो बस से 35 लोग हरिद्वार से यहां आए थे। रस्म पूरी होने के बाद ये सभी लोग देर रात घर लौट रहे थे। इस बीच करीब 12 बजे हाईवे किनारे ग्राम टोंडसी के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बस में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसा होते ही कुछ राहगीर और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े। हाईवे पर गुजरने वाले वाहन भी रूक गए। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई और बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर बस को सीधा कराया। हादसे की सूचना पाकर लड़की पक्ष के लोग भी पहुंच गए और हादसे की जानकारी हरिद्वार दी गई। दो घायलों को छोड़कर बाकी सभी घायल शनिवार सुबह दूसरी बस से हरिद्वार रवाना हो गए। दो घायलों को आगरा भर्ती कराया गया है। - ये हुए घायल

पंकज सैनी, सुरेश सैनी, श्वेता सैनी, कविता, अनीता, सुधीर, विश्वास, सुखपाल, दिव्या, धर्मवीर, प्रमोद, सत्यवीर, संजोगिता, महेंद्र, गोविद, आकाश, कस्तूरी, निर्दाेषी, निशू, उषा, रिषभ, विमला देवी व प्रज्ञा समेत 22। इनमें से रेनू बंसल पत्नी शिवकुमार बंसल व ऋषि पाल पुत्र सुखदेव सिंह आगरा भर्ती कराए गए हैं।

---

chat bot
आपका साथी