आर्थिक तंगी के चलते बीमार महिला ने दम तोड़ा

By Edited By: Publish:Wed, 17 Sep 2014 09:33 PM (IST) Updated:Wed, 17 Sep 2014 09:33 PM (IST)
आर्थिक तंगी के चलते बीमार महिला ने दम तोड़ा

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: बाप बड़ा ना भइया, सबसे बडा रुपया। यह कहावत थाना टूंडला के गांव भीकनपुर निवासी एक महिला पर सटीक बैठी। रुपयों के अभाव में महिला का पति चाहते हुए भी उसे अच्छा उपचार नहीं दिला सका और महिला ने जिला अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। महिला के पति ने बताया उसका एक पुत्र एक माह पूर्व लापता हो गया था, जिसका आज तक पता नहीं चला है।

टूंडला के गांव भीकनपुर निवासी लक्ष्मी (35) पत्नी खजान सिंह बेहद गरीब है। उसके पास खाने तक की कोई व्यवस्था नहीं है। एक माह पूर्व उसका एक पुत्र अजीत घर से खेलते समय लापता हो गया। उसके गायब होने से लक्ष्मी को गम बैठ गया था। पुत्र की चाह में वह कई दिनों तक भूखी प्यासी रही, जिसके बाद उसे बीमारी ने जकड़ लिया। गंभीर हालत में गरीबी से तंग व लाचार उसका पति उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया। महिला को वार्ड संख्या तीन में भर्ती करा लिया। चिकित्सकों ने महिला की हालत को देखते हुए उसे शीघ्र अच्छे उपचार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने महिला को आगरा ले जाने की सलाह दी। खजान सिंह ने बताया कि उसके पास आगरा तक ले जाने के लिए रुपये नहीं थे। फिर वहां पर उपचार व दवा के लिए रुपये कहां से लाता। वह पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ है। रुपयों के अभाव में पत्नी को आगरा नहीं ले गया। लक्ष्मी ने गरीबी के चलते जिला अस्पताल में ही तड़फ-तड़फ कर दम तोड़ दिया।

chat bot
आपका साथी