दलितों को रिझाने गांवों में जाएंगे सवर्ण पदाधिकारी

लोकसभा चुनाव को जीतने के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति बदलना शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिले में आए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी जगत प्रकाश नड्डा पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक कर दिशा निर्देश दिए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Apr 2019 11:41 PM (IST) Updated:Tue, 23 Apr 2019 06:24 AM (IST)
दलितों को रिझाने गांवों में जाएंगे सवर्ण पदाधिकारी
दलितों को रिझाने गांवों में जाएंगे सवर्ण पदाधिकारी

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने दलित मतदाताओं को रिझाने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री और लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा ने बंद कमरे में बैठक कर इस बात के साफ-साफ निर्देश दिए। उन्होंने सवर्ण कार्यकर्ताओं से कहा कि वह दलितों के गांव जाएं और उन्हें पार्टी के पक्ष में लाएं।

ठंडी सड़क स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं है। अन्य पार्टियों से दलित वोट छीनना भी है। दलित मतदाता भाजपा के साथ आने को तैयार बैठा है, लेकिन कोई उनके पास जाता ही नहीं। उन्होंने कहा कि दलित बूथों वाले गांवों में सवर्ण पदाधिकारी जाएं और सरकार की योजनाएं गिनाएं। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह चौहान, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य, अमर सिंह खटिक, सत्यपाल सिंह राठौर के अलावा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, मिथलेश अग्रवाल के अलावा सभी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, संयोजक और विस्तारक मौजूद रहे। इस बार, 74 पार की तैयारी

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जेपी नड्डा ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में 74 पार की तैयारी है। अभी तक दो चरण में प्रदेश की जिन 16 सीटों पर चुनाव हुए हैं वे सभी भाजपा के खाते में आएंगी। उन्होंने कहा यहां मोदी लहर को वोटों में तब्दील करने की जो व्यूहरचना बनाई गई, उसकी समीक्षा की। कुछ योजनाएं और बताई गई हैं, उन पर कार्यकर्ता काम करेंगे। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत, महामंत्री शैलेंद्र सिंह और रूपेश गुप्ता, शिवांग रस्तोगी, प्रबल त्रिपाठी, अंकुर मिश्रा ने मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर स्वागत किया। यहां से वह सड़क मार्ग से कन्नौज के लिए रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी