सीएए को लेकर गली-कूंचों में पहरा, कलक्ट्रेट पर फोर्स का डेरा

जिले के कस्बाई इलाकों में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च कम्युनिस्ट पार्टी का प्रदर्शन आज

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Dec 2019 11:28 PM (IST) Updated:Fri, 20 Dec 2019 06:03 AM (IST)
सीएए को लेकर गली-कूंचों में पहरा, कलक्ट्रेट पर फोर्स का डेरा
सीएए को लेकर गली-कूंचों में पहरा, कलक्ट्रेट पर फोर्स का डेरा

एटा, जासं। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर दिनभर जिलेभर में कड़ी सतर्कता बरती गई। हिदू-मुस्लिम मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फोर्स तैनात रहा। कलक्ट्रेट पर सपा के धरने के मद्देनजर पूरे कलक्ट्रेट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सपाइयों को धरना स्थल के अलावा अन्य कहीं प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी गई। सपा को छोड़ किसी भी अन्य संगठन की तरफ से प्रदर्शन नहीं किया गया।

सीएए को लेकर सपा के धरना प्रदर्शन के एलान के चलते पुलिस पहले से ही सतर्क थी। सपाई सुबह से ही कलक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर एकत्रित होते रहे, लेकिन उन्हें बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई। कलक्ट्रेट के सभी रास्तों पर पुलिस तैनात कर दी गई थी। सपाई सिर्फ शांतप्रिय तरीके से धरना देते रहे। वहीं दूसरी ओर शहर में गुरुवार को कड़ी चौकसी बरती गई। हिदू-मुस्लिम मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस फोर्स की तैनाती रही। गली-कूचों में भी पुलिस बल दिखाई दिया। जगह-जगह पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर रहे थे। इन दिनों धारा 144 लगी हुई है। लोगों को पहले ही हिदायत दे दी गई है कि वे किसी भी तरह का कोई प्रदर्शन या जुलूस नहीं निकाल सकते।

मारहरा में पुलिस ने फ्लैगमार्च निकाला और लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें। पुलिस की ऐसी ही गतिविधियां अलीगंज, निधौली कलां, मिरहची, राजा का रामपुर, जैथरा, अवागढ़, जलेसर, सकीट आदि क्षेत्रों में भी देखी गईं। इस बीच कम्युनिस्ट पार्टी मा‌र्क्सवादी के नेता राजाराम यादव ने एलान किया है कि पार्टी के कार्यकर्ता नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता शहीद पार्क में एकत्रित होंगे। प्रदर्शन में लोकतांत्रिक जनता दल के कार्यकर्ता भी भाग लेंगे। सोशल मीडिया सेल ने जारी की चेतावनी:

कई जिलों में नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए यहां के पुलिस सोशल मीडिया सेल ने चेतावनी जारी की है कि कोई भी विवादित पोस्ट नहीं डालेगा। पुलिस की नजर एक-एक ग्रुप पर है, इसके अलावा ट्विटर व फेसबुक पर सक्रिय लोगों की भी निगरानी की जा रही है। 50 से ज्यादा लोगों को पहले से ही चिह्नित कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी