सपा में भूचाल, फूंका जिलाध्यक्ष का पुतला

By Edited By: Publish:Sun, 31 Aug 2014 10:44 PM (IST) Updated:Sun, 31 Aug 2014 10:44 PM (IST)
सपा में भूचाल, फूंका जिलाध्यक्ष का पुतला

जागरण संवाददाता, एटा (कासगंज): सपा नेता के भाई-भतीजे के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट के मामले के बाद कासगंज सपा में भूचाल आ गया। सहावर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष का पुतला फूंका। पूर्व जिलाध्यक्ष ने पूर्व नगर अध्यक्ष की वकालत करते हुए मौजूदा जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह पर जुबानी हमले तेज कर दिए हैं।

सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष चाहत मियां के भाई-भतीजे की युवतियों से छेड़छाड़ के मामले को लेकर पुलिस द्वारा की गई पिटाई से उठा बवंडर थमता नजर नहीं आ रहा। पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम यादव भी इस लड़ाई में कूद पड़े और उन्होंने वर्तमान जिलाध्यक्ष के बयान को असंसदीय बताया । उधर सपा जिलाध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि सोरों और कासगंज के पूर्व नगर अध्यक्षों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। सहावर में रविवार को विरोधी गुट ने सपा जिलाध्यक्ष का पुतला फूंक दिया तथा नारेबाजी की।

पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने पार्टी हाईकमान से मांग की है कि पूर्व विधायकों की एक पांच सदस्यीय कमेटी गठित की जाए, जो पूरे घटनाक्रम की जांच करे। मांग करने वालों में अजमत वारसी, रफ्फानी वारसी, तारिक, आमिर, बबलू अहमद, गुलजार, फैजान खां, रईस अहमद, शमीम अंसारी, हासिम, अनीस आदि प्रमुख हैं। इधर, सपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल यादव बताया कि विरोधी लोग नगर अध्यक्ष बनने के लिए दबाव बना रहे हैं।

ये कहा था जिलाध्यक्ष ने

गौरतलब है कि सपा जिलाध्यक्ष ने शनिवार को कहा था कि मामला छेड़छाड़ का था और पुलिस कर्मियों द्वारा कार्रवाई करने पर राजनैतिक दबाव बनाकर उन्हें निलंबित करा दिया गया। लिहाजा, ड्यूटी के प्रति सजगता दिखाने वाले पुलिस कर्मियों को बहाल किया जाना चाहिए। ताकि उनका मनोबल बना रहे।

chat bot
आपका साथी