अरमानों की गठरी के साथ ‘विदा’ हुई शिवानी, आंसुओं के सैलाब में डूबे सपने Bulandshahar News

बुधवार रात हुई शादी के बाद गुरुवार सुबह दूल्‍हा मनोज और दुल्‍हन शिवानी विदा हुए। रास्‍ते में सड़क हादसे में शिवानी की मौत हो गई। मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Fri, 17 Jan 2020 12:53 PM (IST) Updated:Fri, 17 Jan 2020 12:53 PM (IST)
अरमानों की गठरी के साथ ‘विदा’ हुई शिवानी, आंसुओं के सैलाब में डूबे सपने Bulandshahar News
अरमानों की गठरी के साथ ‘विदा’ हुई शिवानी, आंसुओं के सैलाब में डूबे सपने Bulandshahar News

बुलंदशहर, [अश्विनी भारद्वाज]। सात फेरों के बाद दुल्हन को घर ला रहे मनोज के मन में हजार अरमान थे। उन्हें क्या इल्म था कि घर की देहरी पर कदम रखने से पहले ही उनकी जीवनसंगिनी दुनिया से रुख्सत हो जाएगी। दांपत्य का सूत्र बंधे कुछ ही घंटे बीते थे लेकिन होनी को शायद कुछ और ही मंजूर था। पलकों पर सतरंगी सपने सजाए शिवानी पिया के साथ विदा तो ससुराल के लिए हुई थी लेकिन अरमानों की गठरी लादे दुनिया से ही रुख्सत हो गई। शादी वाले घर में मातम पसरा है और सारे सपने आंसुओं के सैलाब में डूब चुके हैं।

गांव हिसावटी निवासी दूध कारोबारी कमल सिंह बुधवार शाम अपने इकलौते बेटे मनोज कुमार की बरात लेकर सम्भल जनपद के चंदौसी पहुंचे थे। दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरों के साथ जीवनपथ पर साथ चलने का संकल्प लिया। गुरुवार सुबह दुल्हन शिवानी खुशी-खुशी घर से विदा हुई। परिजनों ने बरात विदा होने की सूचना फोन पर दी तो हिसावटी में भी दुल्हन के स्वागत-सत्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। मंगल गीतों के बीच दुल्हन के पहुंचने का इंतजार था।

इसी बीच फोन पर सम्भल में दूल्हा-दुल्हन की कार हादसे का शिकार होने की सूचना मिली। शिवानी की मौत हो गई जबकि मनोज गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। कुछ ही देर में घर पर भीड़ जुट गई।

यह है मामला

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव इसावटी से मनोज कुमार की बुधवार को चन्दौसी के मुहल्ला चुन्नी खुर्जा गेट निवासी महेंद्र के घर बरात आई थी। शिवानी पुत्री महेंद्र का मनोज के साथ विवाह संपन्न हुआ। गुरुवार की सुबह तकरीबन सात बजे मनोज कुमार, दुल्हन शिवानी को विदा कराकर कार से अपने घर वापस लौट रहे थे। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई में भगतजी इंटरनेशनल स्कूल के सामने कार अनियंत्रित होकर तीन पेड़ों तो तोड़ती हुई पलट गई। कार पेड़ में फंस गई। हादसे में शिवानी (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार पुत्र कमल सिंह के अलावा मधु पत्नी गुलाब सिंह, प्रिंस पुत्र गुलाब सिंह गांव इसावटी थाना अनूपशहर, नीरज पत्नी बिरजू निवासी दिल्ली और चालक दीपक पुत्र नंदराम गांव भैयापुर थाना जहांगीराबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और निकट के गांव बमनेटा के लोग बचाने के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने पेड़ काटकर कार में फंसे लोगों को निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। आशंका है कि झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हा समेत पांच लोग घायल हो गए।

चकनाचूर हुए बहनों के ख्वाब

मनोज कुमार पांच बहनों का इकलौता भाई है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। मनोज दिल्ली की निजी कंपनी में नौकरी करता है। मनोज की जीवनसंगिनी बनी शिवानी रोजाना फोन पर ननद आदि से बात भी करती थी। इससे उनमें मेल-जोल बढ़ गया था। बहनों की खुशियां एक पल में बिखर गईं।

पछाड़ खाकर गिर पड़ी मां

मनोज की मां विमला देवी के मन में भी बेटे के सिर पर सेहरा सजा देखने के अरमान थे। सुबह से ही वह अपनी बहू के स्वागत को लेकर उत्साहित थीं। पूजन की थाली आदि सामग्री तैयार कर ली गई थी। सबको पल-पल बरात के लौटने का इंतजार था। घर में अनहोनी की सूचना मिलने के बाद यह बात जैसे ही बिमला देवी के कानों में पड़ी, वह बेहोश हो गईं। उन्हें जहांगीराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है। रिश्तेदार और गांव के लोग दिलासा दे रहे हैं।

chat bot
आपका साथी