मौसम में फिर बढ़ने लगी गर्मी और उमस

बिजनौर जेएनएन। सोमवार शाम को जनपद में हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। रातभर मौसम

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Jun 2020 10:28 PM (IST) Updated:Wed, 01 Jul 2020 06:05 AM (IST)
मौसम में फिर बढ़ने लगी गर्मी और उमस
मौसम में फिर बढ़ने लगी गर्मी और उमस

बिजनौर, जेएनएन। सोमवार शाम को जनपद में हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। रातभर मौसम में ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन मंगलवार को मौसम का मिजाज फिर से सख्त होने लगा। सुबह हवा चलने से मौसम सही रहा, लेकिन दोपहर के बाद गर्मी अपना असर दिखाने लगी। शाम को मौसम में गर्मी व उमस बढ़ने से लोगों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ा। जनपदवासी एक अच्छी बारिश के इंतजार में है। जिले का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

जून माह बीत गया, लेकिन जिले में अभी मानसूनी बारिश नहीं हुई। मानसून अभी भी रफ्तार नहीं पकड़ सका है। कई बार मौसम में बदलाव हुआ और अच्छी बारिश नहीं हुई। मौसम में बदलाव होने से आसमान में काले बादल छा जाते हैं, लेकिन जिले में अच्छी बारिश न होने से निराशा ही हाथ आती है। सोमवार को थोड़ी बारिश होने से लोगों को जरूर राहत मिली, लेकिन मंगलवार को मौसम में गर्मी बढ़ने लगी। गर्मी के चलते जनपद में बिजली कटौती का ग्राफ भी बढ़ रहा है। अच्छी बारिश नहीं होने से जिले में धान की रोपाई भी धीमी पड़ रही है। बारिश न होने से किसान गन्ना व पशु चारे की फसलों की सिचाई में लगे हुए है। अच्छी बारिश होते ही जिले में धान की रोपाई तेज हो जाएगी। वजह, धान की रोपाई के लिए ज्यादा पानी की आवश्यकता होती है।

chat bot
आपका साथी