आज नहीं बचाएंगे जल तो असुरक्षित होगा हमारा कल

जीवों का प्राण ही पानी है। बगैर पानी जीवन संभव नहीं है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Jun 2021 06:42 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jun 2021 06:42 PM (IST)
आज नहीं बचाएंगे जल तो असुरक्षित होगा हमारा कल
आज नहीं बचाएंगे जल तो असुरक्षित होगा हमारा कल

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : जीवों का प्राण ही पानी है। बगैर पानी जीवन संभव नहीं है। इतने कीमती वस्तु को लेकर हम कितने संवेदनहीन हैं। इसी का परिणाम है कि लगातार भूगर्भ जल स्तर खिसकता जा रहा है। इस विकट स्थिति को देख दुनिया के वैज्ञानिकों के होश उड़ गए हैं। उनका मानना है कि हम अभी नहीं चेते तो आने वाले दिनों में खुद बेपानी हो जाएंगे और धरती पर जीवन चलना संभव नहीं होगा। इसलिए समाज के हर वर्ग के लोगों को जल संरक्षण को लेकर गंभीर एवं सकारात्मक पहल करना होगा। अभी से नहीं बचाए जल तो कल का जीवन सुरक्षित नहीं है।

पूरे ब्रह्मांड में धरती अकेला ऐसा ग्रह है जहां पर पानी और जीवन जरूरी है। पानी की जरूरत हमारे जीवन भर है इसलिए इसको बचाने के लिए केवल हम ही जिम्मेदार हैं। जल संरक्षण को लेकर हमें इस बात का संकल्प लेना चाहिए कि पानी की सुरक्षा को लेकर समाज के हर वर्ग के लोगों को सामने आना होगा। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते पानी की कमी के सभी समस्याओं के बारे में हमें अपने आपको जागरूक रखना चाहिए। जल संरक्षण को लेकर ग्राम प्रधानों ने तालाबों को पुनर्जीवित कर वर्षा जल संचयन का संकल्प लिया है। डीघ ब्लाक क्षेत्र के केवटाही गांव के ग्राम प्रधान अरबिद यादव के नेतृत्व में गांव में स्थित तालाब के किनारे जुटे ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वह तालाब को स्वच्छ व सुंदर बनाएंगे। ग्राम प्रधान ने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति जब जल संरक्षण को लेकर जागरूक होगा तो निश्चित ही बड़ा परिणाम सामने आएगा। इस मौके पर सचिव ज्ञानेंद्र सिंह यादव, ब्लाक कोआर्डिनेटर स्वच्छता मिशन सर्वजीत यादव सहित ग्रामीण थे। इसी तरह औराई ब्लाक के कठारी गांव में ग्राम प्रधान मोहम्मद गुलाम के निर्देशन में तालाब खोदाई का काम शुरू कराया गया। ग्राम प्रधान ने कहा कि जब तालाब में पानी टिकेगा तभी भूगर्भ जल स्तर ऊपर आएगा और भविष्य सुरक्षित रहेगा।

chat bot
आपका साथी