पंडालों में गणपति बप्पा के भजन-कीर्तन की धूम

जगह जगह हो रही जयकारों की गूंज

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 Sep 2018 10:45 PM (IST) Updated:Mon, 17 Sep 2018 10:45 PM (IST)
पंडालों में गणपति बप्पा के भजन-कीर्तन की धूम
पंडालों में गणपति बप्पा के भजन-कीर्तन की धूम

बस्ती : गणेश पूजा शबाब पर है। मोहल्लों से लगायत प्रमुख मार्गों और बाजारों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जगह-जगह भगवान गणेश के विविध रूपों की मनोहारी प्रतिमाएं बरबस ही आकर्षित कर रहीं हैं। हर कोई सच्चे दरबार में हाजिरी लगाने को आतुर है। शाम ढलते ही दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जा रही है। एक पंडाल से दूसरे पंडाल में श्रद्धालु बारी-बारी से पहुंच रहे हैं। इस दौरान भजन-कीर्तन की धूम मची हुई है। लोगबाग जयकारों की गूंज कर रहे हैं। चौतरफा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मुंबई के गणेश उत्सव का प्रचलन यहां भी प्रसिद्ध हो चुका है। शहर के गांधीनगर, कंपनीबाग, कटरा, मूड़घाट, खीरीघाट, मालवीय रोड, रोडवेज, सदर अस्पताल, पुरानी बस्ती क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक प्रतिमाएं स्थापित की गई है। इलेक्ट्रानिक झालरों से पंडाल सजाए गए हैं। शाम ढलते ही सभी पंडाल रोशनी से जगमग है। कही भक्ति गीतों की रसधार बह रही है तो कहीं पुरोहितों द्वारा भगवान गणेश की जीवन लीला पर आधारित कथा की अमृत वर्षा हो रही है। देर रात तक दर्शन पूजन का सिलसिला बना हुआ है। प्रमुख सड़कों और बाजारों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखते बन रही है। जयकारों की गूंज हो रही है। हर कोई भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष शीश झुका रहा है। देवी देवताओं की महिमा का बखान गाया जा रहा है। यह उत्सव अभी सप्ताह भर तक चलेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। साऊंघाट संवाददाता के अनुसार बड़ेरिया बुजुर्ग गांव में बच्चों की टोली ने गणेश जी की प्रतिमा स्थापित किया है। यहां पूजन अर्चन के लिए बड़े, बुजुर्ग, महिलाओं की भीड़ जुट रही है। लिटिल गणेश के दर्शन को लोग सुबह शाम इकट्ठा हो रहे हैं। गणेश जी की आरती उतारी जा रही है।

-------------------------

गुल्लक के पैसे से सजाते हैं दरबार

साऊंघाट: बड़ेरिया बुजुर्ग गांव के बच्चे गुल्लक के पैसे से दुर्गा पूजा और गणेश उत्सव मनाते हैं। वर्ष भर यह बच्चे गुल्लक में पैसा इकट्ठा करते हैं। उत्सव जब करीब आता है तो बच्चों का समूह गुल्लक के पैसे से पूजा की तैयारी में जुट जाता है। प्रतिमाएं खरीदकर लाते हैं और गांव में स्थापित करते है। बच्चों को आगे देख बड़े भी सहयोग में जुट जाते है। गणेश पूजा कमेटी के अध्यक्ष मित्तल गुप्त हैं। 12 वर्ष की उम्र से यह आयोजन का जिम्मा संभाले हैं। दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शुक्ल है। जिनकी अगुवाई में सभी बाल सखा इस आध्यात्मिक आयोजनों को सकुशल सफल बना रहे हैं। टोली में आदित्य गुप्त, प्रेम गुप्त, रिया गुप्ता, रचना शुक्ला, रवि कुमार साहू, प्रियांशु, उदय प्रताप ¨सह, नमन ¨सह आदि का जज्बा देखने लायक है।

chat bot
आपका साथी