रात में घना कोहरा, दोपहर बाद खिली धूप

लुढ़का पारा पछुआ सर्द हवाओं से लोग परेशान घना कोहरा होने के चलते रात में सड़क पर रेंगते रहे वाहन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 11:18 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 11:18 PM (IST)
रात में घना कोहरा, दोपहर बाद खिली धूप
रात में घना कोहरा, दोपहर बाद खिली धूप

जागरण संवाददाता, बस्ती : जिले में ठंड का कहर अभी बरकरार है। पारा लुढ़कने और सर्द पछुआ हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है,जिससे आमजन ही नहीं पशु-पक्षी भी बेहाल हो गए हैं। शुक्रवार रात में घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन सड़कों पर रेंगते रहे।

शनिवार को सुबह कोहरे का धुंध धीरे-धीरे छटा और दोपहर बाद सूर्यदेव बादलों की ओट से बाहर निकले तो थोड़ी सी राहत मिली। शाम होते-होते मौसम फिर ठंड में बदल गया। बादल और धूप का मिलाजुला असर रहा। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के वैज्ञानिक डा. आरवी सिंह के अनुसार अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बताया कि आगामी 24 घंटे में कोहरा छाए रहने और पछुआ हवा के सामान्य गति से चलने के आसार हैं। जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम के बदले मिजाज से किसानों को फायदा है। गेहूं फसल के लिए यह मौसम काफी अच्छा साबित हो रहा है। वहीं ठंड बढ़ने के बाद भी शहर और गांव में पर्याप्त अलाव नहीं जल रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए लोग खुद व्यवस्था कर रहे हैं।

----

ठंड से सांस रोगियों की बढ़ गई परेशानी : लगातार ठंड और गलन के चलते सांस रोगियों की समस्या बढ़ गई है। बुजुर्गो के लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण है। सांस, खांसी से परेशान हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. रामजी सोनी ने बताया कि ठंड के चलते सांस संबंधी रोगियों की संख्या बढ़ गई है। उन्हें परामर्श दिया जा रहा है कि गर्म पानी का सेवन करें। बाहर जाने से बचें। धूप निकले तो एक घंटे जरूर धूप का आनंद उठाएं।

chat bot
आपका साथी