70 फीसद व्यावसायिक वाहनों का हो रहा संचालन

प्राइवेट वाहनों के संचलन में भी 20 फीसद कमी आई - धीरे-धीरे गति पकड़ रही है सड़क परिवहन की रफ्तार

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Jun 2020 09:59 PM (IST) Updated:Thu, 25 Jun 2020 09:59 PM (IST)
70 फीसद व्यावसायिक वाहनों का हो रहा संचालन
70 फीसद व्यावसायिक वाहनों का हो रहा संचालन

बस्ती : देश की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है। कंपनियां और कारखानों ने अपने कर्मचारियों, मजदूरों को फिर से बुलाना शुरू कर दिया है। लॉकडाउन खुलने के बाद फोरलेन पर वाहनों की आमदरफ्त बढ़ी है। सड़क परिवहन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। हालांकि यह संख्या 70 फीसद तक ही पहुंची है।

बस्ती में कोतवाली क्षेत्र के मड़वानगर और छावनी थाना क्षेत्र के चौकड़ी में टोल प्लाजा स्थित है। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सरकार ने 25 मार्च से टोल पर वसूली बंद कर दी थी। केवल जरूरी सुविधाओं जैसे खाद्यान्न, दूध, डीजल पेट्रोल आदि के वाहन ही फोरलेन पर चलते रहे, जिनसे टोल की वसूली नहीं की जाती थी। टोल प्लाजा के जनवरी-फरवरी के आंकड़ों की बात करें तो टोल देने वाले हल्के चारपहिया वाहनों से लेकर भारी माल वाहनों की संख्या प्रतिदिन साढ़े आठ हजार के करीब थी जो टोल से होकर गुजरते थे। लॉकडाउन के दौरान वाहनों के पहिये थम गए। 20 अप्रैल से टोल प्लाजा फिर से टोल की वसूली शुरू हो गई। इस समय प्रतिदिन तकरीबन छह हजार वाहन ही फोरलेन से गुजर रहे हैं।

मड़वानगर और चौकड़ी टोल के सीनियर मैनेजर सुमित भंडारी ने बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार बढ़ी है, मगर अभी भी 70 फीसद व्यावसायिक वाहन ही सड़क पर दौड़ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण अभी औद्योगिक इकाइयों का शुरू न हो पाना है। जिससे इनमें लगे वाहनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। हल्के वाहनों का भी संचालन 20 से 25 फीसद प्रभावित है, लोग बहुत जरूरी होने पर ही गाड़ियां लेकर निकल रहे हैं। रात में घर से निकलने की मनाही के कारण भी फोरलेन पर हल्के वाहनों का संचालन कम है।

chat bot
आपका साथी