ऊषा लड़ेंगी केसर के खिलाफ चुनाव

जागरण संवाददाता, बरेली : गुस्से में आकर कही गई एक बात ने भाजपा के नवाबगंज विधायक केसर सिंह गंगवार के

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Jun 2018 09:21 AM (IST) Updated:Tue, 12 Jun 2018 09:21 AM (IST)
ऊषा लड़ेंगी केसर के खिलाफ चुनाव
ऊषा लड़ेंगी केसर के खिलाफ चुनाव

जागरण संवाददाता, बरेली : गुस्से में आकर कही गई एक बात ने भाजपा के नवाबगंज विधायक केसर सिंह गंगवार के कुनबे में गहरी कलह डाल दी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेद्र गंगवार उर्फ पिंटू के पापा कहने पर केसर सिंह ने एतराज क्या जताया, ऊषा गंगवार खफा हो गईं। इतना कि केसर सिंह के खिलाफ विधानसभा का चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। यह भी कहा कि भाजपा में हूं, अब फिर सक्रिय राजनीति में हिस्सा लूंगी। हमारे साथ की जा रही नाइंसाफी का जवाब अब जनता देगी।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और बसपा से 2012 में विधानसभा का चुनाव लड़ चुकीं ऊषा गंगवार का कहना है कि पत्नी की हैसियत से ही केसर सिंह के साथ रह रहे थे। वह जब से विधायक बने, हमें भुला दिया। इतना नजरअंदाज किया गया कि अब चुप नहीं रहा जाता। पति केसर सिंह के साथ ही बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थी। इसी पार्टी में रहकर सक्रिय राजनीति करूंगी। नवाबगंज से ही केसर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ूंगी। मुझे पूरा विश्वास है, जनता मेरे साथ है। राजनीति में सक्रिय नहीं रही, फिर भी मेरे पास फोन आते रहे। अब चुनाव में फैसला हो जाएगा कि हम गलत हैं कि वह (केसर सिंह)। चुनाव लड़ने को लेकर भाजपा के बड़े नेताओं से भी बात करेंगी। बता दें कि उनमें और केसर सिंह में विवाद जायदाद के बंटवारे को लेकर भी है। छोटे भाई की थीं पत्नी

ऊषा गंगवार विधायक केसर सिंह के छोटे भाई वीरेंद्र सिंह की पत्नी थीं। वह कांसटेबिल थे, जिनकी गांव में ही हत्या कर दी गई थी। ऊषा का कहना है कि उसके बाद वह केसर सिंह के साथ बतौर पत्नी रह रही थीं। उनके वीरेंद्र सिंह से पिंटू समेत तीन बच्चे हैं। वह लड़ेंगी तो हम नहीं लड़ेंगे : केसर

जासं, बरेली : विधायक केसर सिंह ने ऊषा गंगवार के चुनाव लड़ने के एलान पर कहा कि वह लड़ना चाहती हैं तो लड़ें। वह लड़ेंगी तो फिर हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। राजनीति में हमने ही उन्हें आगे बढ़ाया। जिला पंचायत अध्यक्ष वह हमारी वजह से ही बनीं। उनके बेटे पिंटू को हमने ही ब्लॉक प्रमुख बनवाया। यह था मामला

विधायक केसर सिंह गंगवार के भतीजे पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह गंगवार उर्फ पिंटू ने भट्ठा स्वामी एवं खजांची मुरारीलाल के बेटे के मोबाइल पर धमकी देते हुए हड़काया था। घर में घुसकर मारपीट करने के साथ मुकदमे लगवाने की धमकी भी दी। दिल्ली में तैयारी कर रहे भट्ठा स्वामी के बेटे ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली। ऑडियो भी वॉट्स एप पर वायरल कर दिया। पिंटू गंगवार ने खजांची पर बालू खनन कराने का आरोप लगाया था। जबकि खजांची ने ईट न देने पर हड़काने की बात कही थी। उधर, विधायक केसर सिंह ने इस विवाद से पल्ला झाड़ लिया था।

chat bot
आपका साथी