गणतंत्र दिवस पर इंस्पेक्टर ने रोकी तिरंगा यात्रा तो बरपा हंगामा

गणतंत्र दिवस पर उत्साही शहरवासी तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे।

By Edited By: Publish:Mon, 28 Jan 2019 01:23 AM (IST) Updated:Mon, 28 Jan 2019 12:35 PM (IST)
गणतंत्र दिवस पर इंस्पेक्टर ने रोकी तिरंगा यात्रा तो बरपा हंगामा
गणतंत्र दिवस पर इंस्पेक्टर ने रोकी तिरंगा यात्रा तो बरपा हंगामा

जेएनएन, बरेली : गणतंत्र दिवस पर उत्साही शहरवासी तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। राष्ट्रीय ध्वज को हाथ में लेकर देश प्रेम के नारे लगा रहे थे। इतने में किला इंस्पेक्टर ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। कह दिया कि इस तरह यात्रा तभी निकल सकेगी जब अनुमति होगी। सुनते ही आयोजक बिफर गए। कह दिया कि अपने देश में राष्ट्रीय पर्व मनाने के लिए अनुमति की जरूरत भला कब से होने लगी। उनकी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। जाम लगाने की चेतावनी दे दी, तब फोर्स की मौजूदगी में यात्रा निकाली जा सकी।

भारतीय राष्ट्रीय दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर के नेतृत्व में किला के सत्यप्रकाश पार्क पर करीब 50-60 लोग तिरंगा यात्रा लेकर निकले। उन्हें चौपुला चौराहा, किला क्रासिंग, कुतुबखाना होते हुए गांधी उद्यान तक जाना था। जानकारी हुई तो किला इंस्पेक्टर राजेश यादव पार्क के पास पहुंचे और यात्रा को रोक दिया। कहा कि इसकी अनुमति नहीं है, इसलिए यात्रा नहीं निकलेगी। इस पर लोग भड़क गए। कहा कि तिरंगा यात्रा निकालने के लिए भला अनुमति क्यों लेनी होगी। वहीं भारतीय राष्ट्रीय दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अनुमति लेने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते नहीं मिली। यात्रा रोकी गई तो गुस्साए लोग हाईवे पर ही जम गए। नारेबाजी होने लगी। दो टूक कह दिया कि यात्रा तो निकलकर रहेगी। फिर चाहें पुलिस लाठीचार्ज ही क्यों न कर दे। तमाम लोग जाम लगाने की तैयारी करने लगे। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो एसडीएम मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाया। कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल फोर्स भी फोर्स के साथ पहुंच गए। बाद में तय हुआ कि छोटे रूट से चौपुला चौराहा, अयूब खां चौराहा होते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में यात्रा निकाली जाएगी। इस पर आयोजक राजी हो गए। ---- कुछ लोग तिरंगा यात्रा निकालने को लेकर बेवजह हंगामा कर रहे थे। उन्हें समझाकर यात्रा दूसरे मार्ग से निकलवाई गई। राजेश यादव, इंस्पेक्टर अपराध किला

chat bot
आपका साथी