बरेली पुलिस में अब पॉलीथीन के प्रयोग को ना, 'पैडमैन' बने डीआइजी राजेश कुमार पाण्डेय

बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) राजेश कुमार पाण्डेय खुद पैडमैन की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पुलिस लाइन में सेनेटरी पैड मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना कराई है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 06 Jan 2020 04:57 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jan 2020 05:13 PM (IST)
बरेली पुलिस में अब पॉलीथीन के प्रयोग को ना, 'पैडमैन' बने डीआइजी राजेश कुमार पाण्डेय
बरेली पुलिस में अब पॉलीथीन के प्रयोग को ना, 'पैडमैन' बने डीआइजी राजेश कुमार पाण्डेय

बरेली [अंकित गुप्ता]। उत्तर प्रदेश में पुलिस बल में बढ़ोतरी के साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की संख्या में इजाफा हुआ है। महिला पुलिसकर्मी महिलाओं के प्रति अपराध रोकने में सहायक बन रही हैं।

ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों का अपने काम में लगने के साथ खुद भी स्वस्थ रहना जरूरी है। इसके लिए बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) राजेश कुमार पाण्डेय खुद 'पैडमैन' की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पुलिस लाइन में सेनेटरी पैड मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना कराई है। यहां पैड बनाकर कम से कम दाम पर महिला पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराया जाएगा। यह तो प्राथमिक योजना है। प्रयोग सफल रहा तो जिले की अन्य महिलाओं को भी इससे लाभान्वित किया जाएगा।

पुलिस लाइन में लगी मशीन की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। मशीन से पैड बनाने का परीक्षण भी हो चुका है। परीक्षण में एक पैड की लागत एक से सवा रुपये के करीब आ रही है। मशीन संचालित करने के लिए पुरुष के अलावा महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया है। अब इस सेनेटरी पैड मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट की विधिवत शुरुआत 14 जनवरी को की जाएगी।

चार हजार महिलाओं को होगा फायदा

इस पहल का फायदा जिले की कुल चार हजार महिला पुलिसकर्मियों को होगा। पुलिस लाइन में रह रहीं महिला पुलिस कर्मियों, यहा रहने वाले पुलिस कर्मियों के परिवार की महिलाओं, पुलिस मॉडल स्कूल की बच्चियों, महिला रिक्रूट, महिला कल्याण केंद्र में तैनात कर्मी इसका लाभ ले सकेंगे। 

पॉलीथिन के इस्तेमाल को ना 

सेनेटरी पैड की बिक्री की जाएगी। इसके लिए पैकेट भी बनेंगे, लेकिन यह पैकेट पॉलीथिन के नहीं होंगे। इसके लिए कागज का लिफाफा होगा, जिसमें दस पैड पैक किए जाएंगे। जीएसटी का पंजीयन कराया जाएगा। इसके बाद थानेवार स्टॉल लगवाकर यह महिला पुलिसकर्मियों व अन्य महिलाओं को उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वच्छता की सोच से शुरू हुई पहल 

डीआइजी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि देश में स्वच्छता को लेकर कई अभियान चल रहे हैं। स्वच्छता से स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है। महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। इसके लिए उनका स्वस्थ रहना जरूरी है। महिलाओं की समस्या को देखते हुए सेनेटरी पैड बनाने की पहल की जा रही है। इससे सभी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा तो वो अच्छे से ड्यूटी कर सकेंगी।

chat bot
आपका साथी