दून एक्सप्रेस में महिला से छेड़छाड़ पर मेजर गिरफ्तार

दून एक्सप्रेस में महिला के साथ छेड़खानी करने पर आर्मी अफसर को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। महिला ने रेल मंत्री को ट्वीट करके घटना की शिकायत की थी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 May 2018 07:21 AM (IST) Updated:Sat, 12 May 2018 07:21 AM (IST)
दून एक्सप्रेस में महिला से छेड़छाड़ पर मेजर गिरफ्तार
दून एक्सप्रेस में महिला से छेड़छाड़ पर मेजर गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बरेली : दून एक्सप्रेस में महिला के साथ छेड़खानी करने पर आर्मी अफसर को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। महिला ने रेल मंत्री को ट्वीट करके घटना की शिकायत की थी। बाद में अफसर को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

देहरादून से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस के एसी टू कोच में बर्थ संख्या 13 और 14 पर दंपती सवार था। दोनों हरिद्वार से भभुआ रोड (बिहार) जा रहे थे। इसी कोच की बर्थ 16 पर आर्मी इंटेलीजेंस में मेजर मारुति नंद भी बैठे थे। वह उत्तराखंड जोन के प्रभारी हैं और मूल रूप से आमगोला, खजूर थाना काजी महमूदपुर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रहने वाले हैं। गुरुवार की देर रात ट्रेन नजीबाबाद के पास से गुजर रही थी। इसी बीच एक महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसने आर्मी अफसर पर छेड़खानी का आरोप लगाया। टीटीई ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे ट्रेन मुरादाबाद पहुंची। यहां जीआरपी ने आर्मी अधिकारी को ट्रेन से उतार लिया। बरेली जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि ट्रेन करीब पौन नौ बजे जंक्शन पर पहुंची। मुरादाबाद से सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस फोर्स कोच को प्लेटफार्म पर भेज दिया गया था। महिला यात्री ने आर्मी अफसर के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर को मुरादाबाद जीआरपी भेज दिया गया। इसी तहरीर के आधार पर जीआरपी मुरादाबाद ने छेड़खानी करने के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपित सैन्य अधिकारी गिरफ्तार कर रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से आर्मी अधिकारी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। जूता पहनने के दौरान लग गया था पैर : मेजर

मेजर ने बताया कि ट्रेन में उसने किसी महिला से छेड़खानी नहीं की है। रात में शौच जाने के लिए जूता पहन रहा था। इस दौरान पैर महिला के लग गया। महिला के शोर मचाने पर इस गलती के लिए माफी भी मांगी थी।

--------- सूचना मिलते ही दारोगा को सिपाही को कोच पर भेज दिया गया। यहां महिला यात्री ने तहरीर दी। दूसरी ट्रेन से तहरीर को मुरादाबाद भेज दिया गया। महिला छेड़छाड़ का आरोप लगा रही है या नहीं यह उसकी लिखी तहरीर के आधार पर मुरादाबाद जीआरपी ही बता सकती है।

-विजय कुमार, इंस्पेक्टर जीआरपी।

महिला ने बरेली में तहरीर दी है, इसमें छेड़खानी करना नहीं लिखा गया है। इंस्पेक्टर ने महिला से फोन पर बात करने का प्रयास किया तो उसने इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि वह मुकदमा दर्ज नहीं कराना चाहती। रेल मंत्री तक शिकायत पहुंचने पर आर्मी अफसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

-सुभाष चंद्र दुबे, पुलिस अधीक्षक रेलवे, मुरादाबाद

ट्रेन में यात्रियों ने की फौजी की पिटाई

आरोप है कि फौजी के महिला यात्री से छेड़छाड़ का विरोध किया तो फौजी ने हाथापाई कर दी। शोर शराबा सुनकर आसपास की बर्थ के यात्री आ गए। उन्होंने आरोपी फौजी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इसी बीच किसी यात्री ने रेल मंत्री को ट्वीट किया। मुरादाबाद पहुंचते ही जीआरपी-आरपीएफ ने आरोपी फौजी को हिरासत में ले लिया। पेट का घाव दिखाकर बताया फौजी हूं

जब यात्री फौजी को पीट रहे थे तब उसने बताया कि वह फौजी है। लेकिन यात्रियों को लग रहा था कि पिटाई से बचने के लिए वह झूठ बोल रहा है। इस पर फौजी ने पेट में गोली लगने का घाव लोगों को दिखाया। बताया ड्यूटी के दौरान पूर्व में फायरिंग में गोली से लगने घायल हुआ था।

chat bot
आपका साथी