रामगंगा पुल पर जाम में फंसे विधायक, दारोगा को हड़काया

भाई दूज के बाद भाइयों के घर से लौट रही बहनें भी इस जाम में फंसी रहीं। दोपहर करीब तीन बजे दारोगा अशोक कुमार इस ओर ध्यान देने के बजाय चेकिंग में लगे रहे।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Mon, 12 Nov 2018 10:10 AM (IST) Updated:Mon, 12 Nov 2018 10:10 AM (IST)
रामगंगा पुल पर जाम में फंसे  विधायक, दारोगा को हड़काया
रामगंगा पुल पर जाम में फंसे विधायक, दारोगा को हड़काया

जेएनएन, बरेली: यातायात माह के दौरान पुलिस ज्यादा से ज्यादा समन शुल्क वसूलने में लगी है। चौराहों पर चेकिंग कर चालान किए जा रहे। समन शुल्क वसूलने तक तो ठीक मगर यातायात माह में अराजक ट्रैफिक से निजात नहीं मिल पा रही। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। रामगंगा पुलिस चौकी के सामने चेकिंग और धड़ाधड़ चालान हो रहे थे, दूसरी ओर जाम लगा हुआ था। भाई दूज के बाद भाइयों के घर से लौट रही बहनें भी इस जाम में फंसी रहीं। दोपहर करीब तीन बजे दारोगा अशोक कुमार इस ओर ध्यान देने के बजाय चेकिंग में लगे रहे। जाम में बिथरी चैनपुर विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल भी फंस गए। काफी देर तक उनकी कार फंसी रही तो वह किसी तरह चौकी तक पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जमकर हड़काया। कहा- कि जब फोर्स मौजूद है तब जाम क्यों लग रहा है। इस पर चौकी इंचार्ज घनश्याम सिंह ने बताया कि रोडवेज की बस पुल पर खराब हो गई थी। धक्का देकर उसे पुल से आगे ले जाया गया। इसी कारण जाम लगा था। 

पशुओं लदी गाड़ी का चालक देने लगा रुपये 

चेकिंग के दौरान पशुओं से भरी गाड़ी को भी रोका गया। चालक तुरंत नीचे उतरा और पुलिसकर्मी के पास जाकर खड़ा हो गया। जेब से कुछ रुपये निकालकर देने लगा। पुलिसकर्मी ने इन्कार कर कागज दिखाने को कहा। बातचीत चल रही थी इतने में जाम में फंसे विधायक आ गए। वह जाम लगने पर नाराजगी जताने लगे तो पुलिस का ध्यान चालक की ओर से हटा और सफाई देने लगी। 

chat bot
आपका साथी