गजब : खुद को गोली मारने के बाद रजाई ओढ़कर सो गया युवक, सुबह मिला जिंदा

पत्नी ने तलाक की धमकी दी तो नाराज होकर पति ने नशे में सीने से तमंचा सटाकर गोली मार ली। इसके बाद रजाई ओढ़कर सो गया।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Tue, 11 Dec 2018 04:40 PM (IST) Updated:Tue, 11 Dec 2018 04:40 PM (IST)
गजब : खुद को गोली मारने के बाद रजाई ओढ़कर सो गया युवक, सुबह मिला जिंदा
गजब : खुद को गोली मारने के बाद रजाई ओढ़कर सो गया युवक, सुबह मिला जिंदा

शाहजहांपुर(जेएनएन)। रात में फोन पर विवाद के बाद पत्नी ने तलाक की धमकी दी तो नाराज होकर पति ने नशे में सीने से तमंचा सटाकर गोली मार ली। गोली सीना चीरते हुए कंधे के पास से पार निकल गई तो युवक चुपचाप रजाई ओढ़कर सो गया। सुबह मां जब उसे जगाने पहुंची तो पता चला कि उसके सीने में गोली लगी हुई। युवक भी जिंदा मिला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पत्नी के ससुराल न आने से है परेशान

मामला पुवायां क्षेत्र के गांव अगौना बुजुर्ग का है। गांव निवासी 22 वर्षीय रामबहोरे की दो साल पहले थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव बड़े वन निवासी राजेंद्र की बेटी रामकीर्ति से शादी हुई थी। रामबहोरे के भाई संतोष ने बताया कि आठ पहले रामकीर्ति मायके चली गई। रामबहोरे कई बार उसे ससुराल लेने गया, लेकिन उसने आने से इन्कार कर दिया। इससे वह परेशान रहता था।

पत्नी द्वारा तलाक की धमकी देने पर मार ली गोली 

रामबहोरे की रविवार रात फोन पर पत्नी से बात हुई तो विवाद के बाद पत्नी ने तलाक देने की धमकी दे डाली। नाराज होकर रामबहोरे अपने कमरे में चला गया। देर रात किसी समय उसने नशे की हालत में सीने से तमंचा सटाकर गोली मार ली। किस्मत अच्छी थी कि गोली सीने को चीरते हुए कंधे के पास से पार निकल गई। घायल होने के बावजूद उसने किसी तरह का शोर नहीं मचाया, बल्कि रजाई ओढ़कर सो गया।  

मां जगाने पहुंची तो निकल गई उनकी चीख 

सुबह मां सुशीला देवी उसे जगाने गई और रजाई हटाई तो उसे खून से लथपथ देख उनकी चीख निकल गई। पता चला कि उसके सीने में गोली लगी हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टर के मुताबिक, अब उसकी हालत सामान्य है। इलाज के बाद खतरा टल गया है। दोपहर में युवक ने खुद पूरी घटना भी बताई।

रिश्तेदार ने दिए थे तमंचा व तीन कारतूस

रामबहोरे ने बताया कि तीन महीना पहले जब वह पत्नी को ससुराल विदा कराने गया था। तब उसके रिश्तेदार ने तमंचा और तीन कारतूस दिए थे। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

मुकदमा दर्ज कर पड़ताल कर रही पुलिस

पुवायां इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि पत्नी से फोन पर झगड़ा होने पर युवक ने खुद को गोली मार ली। मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल की जा रही है। युवक को तमंचा और कारतूस देने वाले रिश्तेदार की भी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी