करंट से किशोर की मौत पर बवाल

जागरण संवाददाता, बरेली : तीन दिन से टूटे पड़े तार ने गुरुवार दोपहर एक किशोर की जान ले ली। इससे लोगों

By Edited By: Publish:Thu, 23 Apr 2015 10:03 PM (IST) Updated:Thu, 23 Apr 2015 10:03 PM (IST)
करंट से किशोर की मौत पर बवाल

जागरण संवाददाता, बरेली : तीन दिन से टूटे पड़े तार ने गुरुवार दोपहर एक किशोर की जान ले ली। इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। उन्होंने जमकर बखेड़ा किया। बिजलीघर में तोड़फोड़ कर फूंकने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने पर भी लोग शांत नहीं हुए। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बामुश्किल शव को वहां से उठाने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना एजाजनगर गौटिया में दोपहर बाद सवा तीन बजे की है। हजियापुर कमेले में रहने वाला 14 वर्षीय नजाकत कूड़ा बीनकर बेचता था। गुरुवार सुबह घर से निकलने के बाद वह एक लड़के के साथ कूड़ा बीनता हुआ एजाजनगर गौटिया में पहुंच गया। यहां दो मीनार मस्जिद के पास खाली पड़े प्लाट पर कूड़ा बीन रहा था। तभी वहां पड़े एलटी लाइन के तार की चपेट में आ गया। तार में दौड़ते करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना होते ही उसके साथ मौजूद दूसरा लड़का वहां से भाग गया। किशोर की मौत होते ही आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जेई और अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बिजलीघर फूंकने का प्रयास

किशोर की मौत से लोग खासे आक्रोशित हो गए। गुस्से में आए लोगों ने जगतपुर बिजलीघर पर हमला बोल दिया। बिजलीघर का गेट, बाउंड्रीवाल, बोर्ड समेत अन्य सामान तोड़ दिया। बाउंड्रीवाल की ईंटें उखाड़कर पथराव किया। काउंटर की खिड़की से अंदर भी तोड़फोड़ की। आक्रोशित भीड़ बिजलीघर फूंकने का प्रयास करने लगी। तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़ दिया।

तीन दिन से टूटा था तार

घटना के बाद लोगों का आक्रोश यूं नहीं फूटा। वहां से निकलने वालों एलटी लाइन के तारों का बुरा हाल है। बेहद जर्जर तार अक्सर टूटकर गिरते हैं। घटना वाला तार भी तीन दिन पहले टूटकर गिर गया था। इसकी शिकायत भी लोगों ने बिजली विभाग में की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद तार नहीं जोड़ा गया। उस पर करंट होने से किशोर की मौत हो गई।

हो सकती थी बड़ी घटना

जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां टूटे तार से बड़ी घटना होने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। इस खाली प्लाट के पास ही तीन स्कूल भी हैं। प्लाट के पास रास्ते से सुबह और दोपहर में स्कूल के बच्चे समेत तमाम लोग निकलते हैं। शुक्र रहा कि कोई इस प्लाट की ओर नहीं गया, वर्ना बड़ी घटना हो सकती थी।

बामुश्किल लिया शव

किशोर की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। अधिकारियों के नहीं आने तक शव को उठने नहीं दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन भी करने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस ने शव को जबरन उठाकर गाड़ी में रख दिया। फिर किशोर के परिजनों को लेकर शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया।

chat bot
आपका साथी