अमर दुबे की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती

-खून की उल्टी होने से बिगड़ी तबीयत

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Nov 2020 12:14 AM (IST) Updated:Mon, 02 Nov 2020 01:12 AM (IST)
अमर दुबे की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती
अमर दुबे की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती

बाराबंकी : कानपुर जिले के बहुचर्चित बिकरू कांड में मारे गए विकास दुबे के भतीजे अमर दुबे की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। रविवार सुबह उसे जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

विकास दुबे के भतीजे की पत्नी को 14 सितंबर को संप्रेक्षण ग्रह बाराबंकी लाया गया था। इसे शनिवार की रात से ही तबीयत बिगड़ रही थी। रविवार की सुबह बताया जा रहा है कि उसे खून की उल्टी होने लगीं। लगभग साढ़े दस बजे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सक का कहना है कि खून की उल्टियां होने से उसे कमजोरी और बुखार है। इलाज चल रहा है। इसके साथ ही एक किशोरी और भर्ती कराई गई है इसे भी बुखार आना बताया जा रहा है।

--------

क्या कहते हैं अधिकारी

संप्रेक्षण गृह की अधीक्षिका कंचन वर्मा का कहना है कि उसकी तबीयत खराब होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हो सकता है कि मुंह में कहीं से खून आ गया हो, खून की उल्टियां नहीं हुई हैं। गृह में लगातार अधिकारियों का भ्रमण होता रहता है, यहां की व्यवस्थाएं ठीक हैं। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. वीके चौधरी ने बताया कि खांसी के साथ ब्लड आ गया था। अब उसकी हालत में सुधार है।

मेरी गलती क्या है, मैं छूटना चाहती हूं : मारे गए अमर दुबे की पत्नी ने बताया कि मेरे पापा और मां शुक्रवार को मिलने के लिए आए थे। उन्होंने बताया था कि इधर पेशी बंद हो गई है। नवंबर में उसके भाई की शादी है, मैं छूटना चाहती हूं, मेरी गलती क्या थी। मुझे अभी तक बंद किया है। चार पेशी कानपुर में जाने के बाद हुई, अब वीडियो कान्फ्रेसिग के जरिए पेशी होती है। संप्रेक्षण गृह में मेरा ख्याल रखा जाता है।

कौन है अमर दुबे : अमर दुबे के पिता संजू दुबे की सात वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, वहीं उसके चाचा अतुल दुबे को घटना के दूसरे दिन एनकाउंटर में पुलिस ने उसे भी मार गिराया था। पुलिस के अनुसार अमर के खिलाफ चोबेपुर थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट व लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब शिवली और शिवराजपुर थाने में उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। उसके पिता संजीव उर्फ संजू दुबे के खिलाफ भी 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि अमर दुबे की शादी तय हो गई, लेकिन उसके आपराधिक इतिहास का पता चलने के बाद लड़की वालों ने इन्कार कर दिया था। इस पर विकास दुबे बीच में आ गए थे और लड़की वालों पर शादी का दबाव डाला था। इसके बाद विकास ने लड़की वालों को बिकरू गांव में घर पर ही बुलाकर 29 जून को अमर की शादी कराई थी। शादी के बाद दूसरे दिन लड़की वाले चले गए थे। मां और वकील ने बीमारी की सूचना पर न देने पर उठाए सवाल

जागरण संवाददाता, कानपुर : बिकरू कांड में गिरफ्तारी के बाद बाराबंकी के संरक्षण गृह में रखी गई अमर दुबे की पत्नी की मां और वकील ने स्वास्थ्य को लेकर चिता जताते हुए कहा कि उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों खतरे में है। उन्होंने उसके साथ अनहोनी की भी आशंका जताई।

अमर दुबे की सास ने कहा कि बेटी के बीमार होने की सूचना शाम करीब चार बजे उनके वकील शिवाकांत दीक्षित ने दी। अब तक शासन-प्रशासन से कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही वह बेटी से मिलकर आई थीं। तब वह ठीक थी, उसने अस्वस्थता की बात भी नहीं बताई। अचानक तबीयत कैसे बिगड़ी और सूचना क्यों नहीं दी गई, यह बड़ा सवाल है। अमर की सास के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली थी कि माती जेल में भी एक बार बेटी को खून की उल्टियां हुई थीं। कुछ है जो छिपाया जा रहा है। चार महीने बाद भी अब तक बेटी से अकेले में मिलने नहीं दिया गया। वही वकील शिवाकांत दीक्षित ने उसकी सुरक्षा और सेहत को लेकर चिता जताकर कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह ठीक नहीं है। बीमारी के बाद स्वजन को जानकारी न देना समझ से परे है।

chat bot
आपका साथी