नाव पलटने की गलत सूचना देने पर दो गिरफ्तार

संवाद सूत्र खप्टिहाकला/जसपुरा (बांदा) बाढ़ के खतरे के आशंका के बीच अफवाहों का भी दौर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Aug 2021 12:10 AM (IST) Updated:Sat, 07 Aug 2021 12:10 AM (IST)
नाव पलटने की गलत सूचना देने पर दो गिरफ्तार
नाव पलटने की गलत सूचना देने पर दो गिरफ्तार

संवाद सूत्र, खप्टिहाकला/जसपुरा (बांदा) : बाढ़ के खतरे के आशंका के बीच अफवाहों का भी दौर शुरू हो गया है। यूपी 112 पर सूचना दी गई कि सिधनकला-तुरी नाला के बीच एक नाव पलट गई, जिसमें करीब चालीस लोग सवार थे। सभी डूब गए हैं। बड़ी घटना की सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई। आननफानन एसडीएम रामकुमार सक्रिय हुए और मौके पर थानाध्यक्ष टीम के साथ पहुंचे। किसी प्रकार की कोई घटना नहीं होने की जानकारी पाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली। फर्जी सूचना देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यूपी 112 पर शुक्रवार को सूचना दी गई कि सिधनकला से तुरी नाला के बीच एक नाव पलट गई, जिसपर सवार 40 लोग डूब गए। खबर पहुंचते ही पैलानी के कार्यवाहक थानेदार धीरेंद्र पांडेय सक्रिय हुए। ग्रामीणों से जानकारी ली गई। किसी ने भी ऐसी घटना की पुष्टि नहीं की, जिसके बाद राहत की सांस ली गई। फर्जी सूचना देने के आरोप में कस्बा निवासी इस्लाम व संतोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानेदार ने बताया कि दोनों का चालान कर दिया गया है। एसडीएम पैलानी रामकुमार ने कहा कि बाढ़ को लेकर तथ्यहीन खबरों को फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फर्जी सूचना देने वाले दोनों आरोपितों का शांतिभंग में चालान किया गया है।

17 चौकियों से बाढ़ पर नजर, प्रभावित क्षेत्रों में नावों से सफर: यमुना व केन नदी की बाढ़ से शुरुआती दौर में करीब 12 गांव प्रभावित हुए हैं। जिन गांवों के जोड़ने वाले संपर्क मार्गो में जल भराव की समस्या पैदा हो गयी है, वहां नाव लगा दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि 17 बाढ़ चौकियों में तैनात कर्मचारियों को निगरानी में लगा दिया गया है।

सावन में माह में हुई झमाझम बारिश से नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ा है। पिछले दो दिनों से यमुना व केन में पानी बढ़ने के साथ ही प्रशासन द्वारा निगरानी शुरू कर दी गई थी। लेकिन शुक्रवार को चिल्ला में यमुना नदी खतरे का निशान पार कर गई। इसी के साथ ही बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि पैलानी व चिल्ला सहित आस पास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। यमुना का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। लेकिन अभी किसी भी गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश करने की सूचना नहीं है। जिन गांवो के संपर्क मार्ग व रास्तों में पानी भर गया है। वहां लोगो के आवागमन के लिए नावें लगा दी गयीं हैं।

चंबल थमी, बेतवा में बाढ़

बांदा: चंबल व बेतवा नदी का पानी यमुना में आता है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को बेतवा के माताटीला बांध से करीब पचास हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो यमुना में आता है। हालांकि चंबल अब खतरे के निशान से नीचे आ गयी है। जो यमुना में बाढ़ के लिए राहत की खबर है। एडीएम का कहना है कि बेतवा में बाढ़ कम होने के बाद यहां यमुना का जल स्तर भी कम होने लगेगा।

chat bot
आपका साथी