फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप

संवाद सूत्र बदौसा चार माह पहले ही विवाह कर ससुराल आई महिला की सोमवार को संदिग्ध हालात

By JagranEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 06:34 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 06:34 PM (IST)
फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप

संवाद सूत्र ,बदौसा : चार माह पहले ही विवाह कर ससुराल आई महिला की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला का शव भुसासी गांव स्थिति ससुराल में फंदे से लटका मिला था। मायके से आए पिता ने दहेज के खातिर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपित पति व सास को हिरासत में ले लिया। शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

भुसासी गांव निवासी राजू उर्फ अंबिका पाल पुत्र स्व. मातादीन की पत्नी 26 वर्षीय शिवपतिया उर्फ आरती का शव सोमवार की शाम फंदे से लटका मिला। पति का कहना था कि वह भैंस चराने चला गया था, जबकि मां व बहन गांव में ही एक पूजन कार्यक्रम में गई थीं। इधर, पैलानी थाना क्षेत्र के सिधनकला के मजरा गुरगवां निवासी महिला के पिता राजू पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 अप्रैल को बदौसा थाना क्षेत्र के ग्राम भुसासी में बेटी की राजू संग शादी की थी। तीन लाख नकद, दो लाख का सामान और एक लाख के जेवरात भी दिए थे। उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करते थे। बुलेट मोटर साइकिल की मांग की जा रही थी। वह ससुराल से दूसरी बार रक्षाबंधन के पूर्व मायके आई थी, जिसके बाद वह लोग भेजना नहीं चाह रहे थे।

एक सितंबर विदा होकर आई थी ससुराल

राजू पाल ने पुलिस को बताया कि एक सितंबर को दामाद का भांजा कर्वी के लौड़िहा निवासी मनीष अपनी जिम्मेदारी में आरती को विदा कराकर ले गया था।

बेरहमी से की गई थी पिटाई

आरती ने सोमवार दोपहर बड़ी बहन गुड़िया को बताया था रविवार की रात बुरी तरह मारपीट की गई थी। पति व ससुराल के लोगों ने फोन छीन लिया और लाठी-डंडे से पिटाई की। आरोप लगाया कि बेटी की हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है।

शरीर पर नीले निशान, तीन पर मुकदमा

आरती के शरीर पर नीले निशान इस बात की गवाही दे रहे थे कि उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। पिता ने पति राजू उर्फ अंबिका, सास चतुर्थी देवी और भांजे मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति व सास को हिरासत में ले लिया है। इधर, थानाध्यक्ष मो. अकरम का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------------

ग्रामीण भी करते मारपीट की पुष्टि, बाहर से बंद की कुंडी

बदौसा : ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि सोमवार दोपहर आरती के साथ मारपीट की गई थी। पति राजू ने मुख्य दरवाजे की बाहर से कुंडी बंद कर दी और चला गया था। मायके पक्ष से पिता राजू पाल, मां शकुंतला, दादा रामराज, नाना मैकू एवं भाई रज्जन पाल सोमवार रात करीब दस बजे भुसासी पहुंचे थे। जिसके बाद ही शव नीचे उतारा गया था।

chat bot
आपका साथी