बलरामपुर की बेटी के सम्मान में मिशन शक्ति का आगाज

24 विभागों के सहयोग से तीन चरणों में चलेगा अभियान छात्रा के स्वजन को सीएम ने दिया पांच लाख का चेक

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Oct 2020 11:00 PM (IST) Updated:Sun, 18 Oct 2020 05:09 AM (IST)
बलरामपुर की बेटी के सम्मान में मिशन शक्ति का आगाज
बलरामपुर की बेटी के सम्मान में मिशन शक्ति का आगाज

बलरामपुर : शक्तिपीठ देवीपाटन में मां पाटेश्वरी की आराधना के बाद बेटियों व महिलाओं को संबल देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइंस पहुंचे। भव्य समारोह के बीच सीएम ने झंडी दिखाकर मिशन शक्ति अभियान का आगाज किया। साथ ही बटन दबाकर पूरे प्रदेश के लिए मिशन का लोगो जारी किया।

सीएम ने कहाकि बलरामपुर के गैंसड़ी क्षेत्र में बिटिया के साथ हुई बर्बरता की घटना दु:खद है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी होगी। मामला अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में जा रहा है। उस बेटी के सम्मान व श्रद्धा के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत देवीपाटन धाम से की गई है। प्रदेश के सभी थानों में एक विशेष कमरे में महिला हेल्पडेस्क बनाया जाएगा। यहां महिला अधिकारी व सिपाही की तैनाती होगी। शक्ति के स्वरूप का अहसास कराने के लिए यूपी पुलिस में अब 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। इस दौरान सीएम ने 552 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व 16 का लोकार्पण भी किया। तीन चरणों में चलेगा अभियान :

मुख्यमंत्री ने कहाकि हमारी सरकार प्रदेश में हर बेटी, महिला का सम्मान व सुरक्षा के साथ उनके स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। नारी गरिमा व स्वाभिमान को दुष्प्रभावित करने की कोशिश करने, बेटियों पर बुरी नजर डालने वालों के लिए प्रदेश की धरती पर कोई जगह नहीं है। कहाकि तीन चरणों में 180 दिनों तक मिशन शक्ति अभियान चलाने के लिए 24 विभागों का सहयोग लिया जाएगा। शारदीय नवरात्र से वासंतिक नवरात्र तक चलने वाले इस अभियान में अंतरराष्ट्रीय व स्थानीय सामाजिक संगठन जुड़ेंगे। पहले चरण में जागरूकता अभियान चलेगा। दूसरे में चिह्नित मनचलों, शोहदों की काउंसलिग कराई जाएगी। तीसरे चरण में जन सहयोग से असमाजिक तत्वों का बहिष्कार कर उनकी तस्वीर चौराहों पर लगाई जाएगी। हर जिले में 100 रोल मॉडल महिलाएं चुनी जाएंगी। उनको सम्मानित किया जाएगा। छात्रा के स्वजन को दिए पांच लाख :

गैंसड़ी कोतवाली क्षेत्र में 29 सितंबर को हैवानियत की शिकार हुई छात्रा के स्वजनों को सीएम ने पांच लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही एसपी को विवेचना की निगरानी स्वयं करने का निर्देश दिया। छात्रा के नाना ने बताया कि छह सूत्री मांग पत्र सीएम को दिया है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी