ठंड का सितम जारी कोहरा व बदली ने बढ़ाई गलन

अधिकतम 20 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा बेघरों और मुसाफिरों की बढ़ रही दुश्वारी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 10:17 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 10:17 PM (IST)
ठंड का सितम जारी कोहरा व बदली ने बढ़ाई गलन
ठंड का सितम जारी कोहरा व बदली ने बढ़ाई गलन

बलरामपुर : जिले में ठंड का सितम दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। बावजूद इसके बचाव के उपाय करने को जिम्मेदार अफसर संजीदा नहीं हैं। ग्रामीण इलाकों के प्रमुख चौराहों व बाजारों में अलाव की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे राहगीर व आमजन ठिठुरने को मजबूर हैं।

गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा व बदली छाए रहने से गलन बढ़ गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव तापकर ठंड से निजात पाने की जुगत कर रहे। तापमान अधिकतम 20 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, अस्पतालों में तीमारदार अलाव के सहारे ठंड से बचाव करते दिखाई दिए। तो, सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी हीटर व ब्लोअर चलाकर कामकाज निपटाते दिखे। उधर, बदले मौसम से किसान फसलों को लेकर चितित हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी हवाओं के बदलने से तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं।

मुसाफिरों की बढ़ी दुश्वारी :

- जनवरी का दूसरा पखवाड़ा शुरू होने के बाद मौसम का मिजाज दिनोंदिन बदल रहा है। दिन-रात बर्फीली हवाएं चलने से लोगों की दुश्वारी बढ़ती जा रही है। वहीं, बेघरों व मुसाफिरों पर सर्दी की रातें भारी गुजर रहीं हैं। सिर छुपाने के लिए प्रशासन ने सात स्थानों पर स्थाई व अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्था तो की है, लेकिन अधिकांश जगह स्थिति बदहाल है।

शहर के रोडवेज बस स्टॉप परिसर में टेंट के पर्दे तानकर रैन बसेरा का बैनर लगा दिया गया है। इसी तरह नगर के आंबेडकर तिराहा पर बने रैन बसेरा में चारपाई, रजाई-गद्दा तो है, लेकिन खिड़कियों पर प्लास्टिक की पल्ली तानकर बचाव के इंतजाम किए जा रहे हैं। आलम यह है कि रात में मुसाफिरों को पानी के लिए सुलभ शौचालय परिसर में जाना पड़ता है। वहीं, अधिकांश लोग पानी की बोतल साथ लेकर आते हैं।

आसमान रहेगा साफ, मगर कोहरे की संभावना :

- कृषि विज्ञान केंद्र पचपेड़वा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अंकित तिवारी ने बताया कि इस सप्ताह जिले में आसमान साफ रहने व हल्के कोहरे की भी संभावना है। उत्तर-पश्चिमी तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके बाद पूर्वी हवाओं के बदलने से तापमान में वृद्धि होगी।

chat bot
आपका साथी