उप्र-बिहार सीमा पर विवाद, भूमि पर कब्जे को लेकर फायरिग

जागरण संवाददाता बैरिया (बलिया) उप्र-बिहार सीमा विवाद को लेकर शुक्रवार को दियारे में जमक

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 06:07 PM (IST) Updated:Fri, 30 Oct 2020 06:07 PM (IST)
उप्र-बिहार सीमा पर विवाद, भूमि पर कब्जे को लेकर फायरिग
उप्र-बिहार सीमा पर विवाद, भूमि पर कब्जे को लेकर फायरिग

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया): उप्र-बिहार सीमा विवाद को लेकर शुक्रवार को दियारे में जमकर हवाई फायरिग हुई। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया। गोलियों की गूंज सुनकर खेत में काम कर रहे किसान जहां भाग खड़े हुए वहीं मौके का फायदा उठाकर हथियारों से लैस बिहार के दबंगों ने जबरन 20 बीघा जमीन की जोताई करा दी। गोली चलने व जोर जबरदस्ती से डरे सहमे दर्जनों किसान थाने पहुंचे और पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर किसानों को घर भेज दिया।

गंगा पार नौरंगा के लोगों के साथ शुभनथहीं, रामपुर व भुवालछपरा के किसानों का काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। शुक्रवार को भुवाल छपरा निवासी बरमेश्वर मिश्र सहित अन्य किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे। उसी दौरान असलहा से लैस नौरंगा के पांच लोग दो ट्रैक्टर के साथ खेत में पहुंच गए और अंधाधुंध फायरिग शुरु कर दी। यह देख बरमेश्वर मिश्र समेत अन्य किसान वहां से भाग खड़े हुए। उसके बाद उन लोगों ने गुंडई के बल पर लगभग 20 बीघा खेत जोत दिया जिसे शुभनथही के कश्तकार अपना खेत बताते हैं।

एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि पिछले साल ही शुभनथहीं के किसानों की भूमि का चिह्नांकन कराया गया था। इस साल भी इन किसानों की जमीन चिह्नित कर दी जाएगी। किसी को अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। वहीं हवाई फायरिग साबित होने पर आरोपितों के खिलाफ सख्त करवाई की जाएगी। इस बीच उप्र-बिहार सीमा पर फायरिग व विवाद के कारण तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

chat bot
आपका साथी