समय से दस्तक देगा मानसून, तीन दिन बाद होगी झमाझम बारिश

-मानसून को मिल रहा पूर्वा हवाओं का अछा साथ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Jun 2020 10:59 PM (IST) Updated:Wed, 17 Jun 2020 06:00 AM (IST)
समय से दस्तक देगा मानसून, तीन दिन बाद होगी झमाझम बारिश
समय से दस्तक देगा मानसून, तीन दिन बाद होगी झमाझम बारिश

मुकेश पांडेय, बहराइच : हिमालय की तलहटी में इस बार मानसून समय से दस्तक देगा। बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर समेत हिमालय से सटे जिलों में अगले तीन दिन बाद झमाझम बारिश होगी। इस बार मानसून को अनुकूल माहौल मिलने के कारण अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी से होकर मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में समय से प्रवेश कर चुका है। बीते 15 जून को वाराणसी में दस्तक दे चुके मानसून को पूर्वा हवाओं का अच्छा साथ मिल रहा है। इससे मानसून के गोरखपुर से सिद्धार्थनगर, बलरामपुर श्रावस्ती होते हुए बहराइच तक अगले तीन दिन के भीतर पहुंच जाने की उम्मीद है। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के शंखमाधव त्रिपाठी ने बताया कि मानसून सक्रिय हो चुका है। आसमान पर बादल छाने लगे हैं। प्री-मानसून वर्षा जगह-जगह हो रही है। ऐसे में सक्रिय मानसून के जल्द पहुंचने के आसार बढ़ गए हैं।

बहराइच समेत हिमालय की तराई में आबाद जिलों में मानसूनी वर्षा अगले तीन दिनों में होने लगेगी। उन्होंने बताया कि हिमालय की शिवालिक पहाड़ियां लगभग नौ हजार फिट ऊंची हैं, जिसका लाभ तराई के जिलों को मिल रहा है। इन पहाड़ियों के कारण बादल हवा के झोंके के साथ आगे बढ़ने के बजाय यहां रुक कर अच्छी बारिश करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में वर्षा की जो कसक इन क्षेत्रों में रह गई थी, वह इस बार पूरी होने के आसार हैं। उनके मुताबिक आगामी 20 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा और वर्षा शुरू हो जाएगी। --------------- धान की खेती के लिए मौसम उपयुक्त -कृषि विज्ञान केंद्र बहराइच के कृषि वैज्ञानिक डॉ.एमवी सिंह ने बताया कि इस बार सामान्य मानसून रहेगा। इससे अच्छी वर्षा होगी और धान की फसल का उत्पादन भी अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की बेरन 18 दिन की हो चुकी हो, उन्हें तत्काल रोपाई की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। किसान रोपाई के पूर्व उर्वरक, खरपतवारनाशक व अन्य जरूरी चीजों का प्रबंध तत्काल कर लें।

chat bot
आपका साथी