Kumbh mela 2019 : कुंभ से लापता ट्रक चालक की यमुना में मिली लाश

पंजाब से लोगों को ट्रक में लेकर कुंभ मेला क्षेत्र में आया ट्रक चालक गायब हो गया। उसकी लाश नए यमुना पुल के नीचे यमुना नदी में उतराते मिली।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 02 Feb 2019 08:59 PM (IST) Updated:Sat, 02 Feb 2019 08:59 PM (IST)
Kumbh mela 2019 : कुंभ से लापता ट्रक चालक की यमुना में मिली लाश
Kumbh mela 2019 : कुंभ से लापता ट्रक चालक की यमुना में मिली लाश

प्रयागराज : कुंभ मेले से लापता ट्रक चालक अर्शदीप सिंह (26) की लाश शुक्रवार रात यमुना में उतराती मिली। इससे संतों और साथियों में खलबली मच गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।

ट्रक से 70 लोगों को लेकर आया था कुंभ मेला

अर्शदीप पुत्र स्व. करनैल सिंह, पंजाब के समरूर जिले के धर्मगढ़ थाना क्षेत्र स्थित हवलबारा का गांव निवासी था। वह करीब 70 लोगों को अपनी ट्रक से लेकर प्रयागराज आया था। 27 जनवरी 2019 को कुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 18 स्थित नया पंचायती उदासीन अखाड़ा में सभी को छोडऩे के बाद वह कहीं चला गया। कई घंटे बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो पंजाब से साथ आए लोग परेशान हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला तो नैनी थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी।

नए यमुना पुल के नीचे मिला शव

शुक्रवार रात नए पुल के नीचे यमुना में उतराते हुए उसकी लाश मिली। शरीर पर पूरे कपड़े थे। अखाड़े से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन लाश लेकर पंजाब चले गए। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि आखिर अर्शदीप यमुना में कैसे डूबा। इंस्पेक्टर नैनी पंकज सिंह का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संगम स्नान करने आए बुजुर्ग की मौत

बिहार से संगम स्नान करने आए बलदेव यादव (60) पुत्र स्व. अंगड़ू यादव की ठंड लगने से मौत हो गई। बलदेव, बिहार के बेतिया जिले के लौटिया थाना क्षेत्र के छुअरछाप गांव निवासी था। वह अपनी पत्नी सूर्यसती, परिजन व कुछ रिश्तेदारों के साथ कुंभ में संगम स्नान करने आया था। सुबह सभी लोग स्नान कर रहे थे। बलदेव संगम में डुबकी लगाने के बाद जैसे ही बाहर निकले, जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में जल पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि ठंड लगने से मौत हुई है।

chat bot
आपका साथी