Christmas Celebrations 2020 : प्रभु यीशु के जन्म पर आधी रात प्रार्थना, चर्च में कटा केक और मसीहियों में छाया उल्लास

दुनिया को प्रेम एकता समर्पण व सेवा का संदेश देने वाले मसीही समुदाय के आराध्य प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर चहुंओर हर्ष-उल्लास का वातावरण रहा। गुरुवार को सूर्यास्त के बाद शहर के समस्त चर्च रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा गए। मसीही समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर चर्च पहुंचने लगे।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 25 Dec 2020 12:05 AM (IST) Updated:Fri, 25 Dec 2020 12:05 AM (IST)
Christmas Celebrations 2020 : प्रभु यीशु के जन्म पर आधी रात प्रार्थना, चर्च में कटा केक और मसीहियों में छाया उल्लास
मध्य रात्रि चर्च का घंटा बजाकर पादरी ने प्रभु के जन्म का संदेश दिया तो चेहरे खुशी से खिल गए।

प्रयागराज, जेएनएन। दुनिया को प्रेम, एकता, समर्पण व सेवा का संदेश देने वाले मसीही समुदाय के आराध्य प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर चहुंओर हर्ष-उल्लास का वातावरण रहा। गुरुवार को सूर्यास्त के बाद शहर के समस्त चर्च रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा गए। मसीही समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर शाम होते ही चर्च पहुंचने लगे। वहां कैरल सिंगिंग के जरिए यीशु का गुणगान किया। रात 11.30 बजे से चर्चों में बाइबिल का पाठ शुरू हो गया। इसके साथ लोगों की उत्सुकता बढ़ रही थी। मध्य रात्रि चर्च का घंटा बजाकर पादरी ने प्रभु के जन्म का संदेश दिया तो हर किसी के चेहरे खुशी से खिल गए। सबने एक-दूसरे को बधाई दी। चर्च में केक काटकर खुशियां मनाई गई। इसके बाद पादरी ने यीशु के जन्म का संदेश दिया।

कोरोना महामारी के कारण चर्चों में कम ही जुटे लोग

कोरोना संक्रमण के कारण तमाम बंदिशों के साथ चर्चों में यीशु का जन्मोत्सव मनाया गया। हर बार की अपेक्षा चर्चों में मसीहियों की भीड़ अपेक्षा से काफी कम रही। कैथलिक व प्रोटेस्टेंट वर्ग के मसीही अपने-अपने चर्चों में प्रार्थना की। कैथलिक मसीही सेंट जोजफ चर्च में प्रार्थना करने पहुंचे। यहां शाम छह बजे से प्रार्थना शुरू हो गई। मसीही समुदाय के लोगों ने कैरल सिंगिंग के जरिए यीशु के आगमन की खुशी मनाई। पादरी फादर हेरल्ड टोरो ने बाइबिल का पाठ किया। वहीं, बिशप डॉ. राफी मंजली ने यीशु के जन्म का संदेश दिया। उन्होंने यीशु के प्रतीक बच्चे के पुतले को हाथ में लेकर उनके जन्म का संदेश दिया। वहीं, प्रोटेस्टेंट मसीही पत्थर गिरजाघर में प्रार्थना करने पहुंचे। पादरी इमैनुअल पाइक ने बाइबिल का पाठ करके यीशु का संदेश दिया।

घंटा बजने पर छायी खुशी

म्योराबाद स्थित सेंट जांस चर्च में पादरी प्रवीण मैसी ने प्रार्थना कराई। मध्य रात्रि में प्रभु यीशु का जन्म होने पर उन्होंने चर्च का घंटा बजाया। घंटेे की आवाज सुनकर लोगों में खुशियां छा गई। इसी प्रकार जमुना चर्च में पादरी एम. डिकोस्टा तथा होली ट्रीनिटी चर्च में पादरी मनीष जैदी ने प्रार्थना कराई।

नहीं हुई बोन फायर सर्विस

कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पत्थर गिरजाघर, सेंट जोसफ सहित अन्य चर्च में अबकी बोन फायर सर्विस नहीं हुई। वहीं, सेंट जांस सहित कुछ चर्चों में परंपरा का निर्वाहन करने के लिए लकड़ी जलाकर बोन फायर सर्विस हुई। लेकिन, वहां भीड़ एकत्र नहीं हुई। न ही उसके पास किसी प्रकार का गायन हुआ।

मास्क लगाकर आए श्रद्धालु

कोरोना संक्रमण के मद्देनजर चर्चों में श्रद्धालु मास्क लगाकर प्रार्थना करने आए। गेट पर सेनेटाइज करके सबको अंदर प्रवेश दिया गया। चर्च के अंदर शारीरिक दूरी मानक का पालन करते हुए बैठने का प्रबंध था। चर्चों में 10 साल तक के बच्चों व 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आने पर पाबंदी थी। इससे उनकी संख्या कम रही।

प्रभु भोज का हुआ आयोजन

पत्थर गिरजाघर में प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुश में प्रभु का भोज आयोजन हुआ। लेकिन, उसमें भीड़ अपेक्षा से काफी कम रही।

फेसबुक व यूट्यूब में दिखी प्रार्थना

क्रिसमस पर हर वर्ष चर्चों में चार-पांच सौ लोगों की भीड़ जुटती थी। लेकिन, कोरोना संक्रमण के कारण अबकी अधिकतम सौ लोगों की संख्या निर्धारित थी। हर मसीही परिवार से एक-दो लोग ही चर्च आए। इसके मद्देजनर पत्थर गिरजाघर कटरा चर्च, सेंट जांस चर्च में प्रार्थना का फेसबुक व यूट्यूब पर सीधा प्रसारण कराया गया। इससे घर बैठे लोग भी प्रार्थना में शामिल होने की अनुभूति कर रहे थे। साथ ही वाट्सएप मैसेज व काल करके लोगों ने शहर व बाहर रहने वाले लोगों को बधाई दी।

शुक्रवार को होगी विशेष प्रार्थना

प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर शुक्रवार की सुबह चर्चों में विशेष प्रार्थना की जाएगी। सेंट जोसफ चर्च में सुबह आठ बजे बिशप डॉ. राफी मंजली प्रार्थना करेंगे। जबकि पत्थर गिरजाघर में बिशप डॉ. पीटर बलदेव सुबह नौ बजे बाइबिल का पाठ करके प्रार्थना कराएंगे।

chat bot
आपका साथी