प्रयागराज में आलू और प्याज सस्ते में लेने वालों की भीड़, सभी को उपलब्ध नहीं करा पा रहा मंडी परिषद

प्रयागराज के लोग सस्ते दर पर आलू और प्याज खरीदने के लिए सुबह से ही मुंडेरा मंडी पहुंचने लगते हैं। स्टाल खुलवाकर आलू-प्याज बेचने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। लोगों की लाइन लग रही है। हालांकि मंडी परिषद सभी को आलू और प्‍याज उपलब्‍ध नहीं करा पा रहा है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 11:48 AM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 11:48 AM (IST)
प्रयागराज में आलू और प्याज सस्ते में लेने वालों की भीड़, सभी को उपलब्ध नहीं करा पा रहा मंडी परिषद
प्रयागराज में मुंडेरा मंडी में भीड़ की अपेक्षा सस्‍ते रेट पर आलू-प्‍याज की आपूर्ति कम हो रही है।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में आलू और प्याज की कीमत आसमान छू रही है। आम लोग परेशान हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने पहल की। मंडी परिषद ने मुंडेरा मंडी में स्टाल लगाकर लोगों को सस्ते रेट में उपलब्ध कराने की योजना शुरू की। स्टाल तो लगा लेकिन सस्ते रेट में आलू व प्याज लेने वालों की भीड़ की तुलना में मंडी परिषद लोगों को आलू व प्याज नहीं उपलब्ध करा पा रही है। कुछ ही लोगों को इसका लाभ मिल पा रहा है, अन्य को मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है।

दो घंटे में खप गई साढ़े तीन कुंतल आलू और प्याज

मंडी परिषद कार्यालय में शुक्रवार को सस्ते दर पर आलू और प्याज दो घंटे बेची गई। सुबह 10 से 12 बजे के बीच करीब साढ़े तीन कुंतल आलू और प्याज बिकी। हालांकि, भीड़ ज्यादा होने पर स्टॉक समाप्त हो गया। इस कारण बहुत से उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। आलू 25 और प्याज 40 रुपये किलो बेची गई।

अधिकांश लोग मायूस होकर लौट रहे

सस्ते दर पर आलू और प्याज खरीदने के लिए लोग सुबह साढ़े नौ बजे से ही मंडी पहुंचने लगते हैं। स्टाल खुलवाकर आलू-प्याज बेचने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। दो काउंटर पर आलू और एक काउंटर पर प्याज लेने के लिए लोगों की लाइन लग रही है। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे तक दो कुंतल आलू और डेढ़ कुंतल प्याज समाप्त हो गई। उसके बाद काउंटर बंद कर दिए गए। इससे बहुत से उपभोक्ताओं को वापस लौटना पड़ा। यही हाल गुरुवार को भी था। कुछ ही लोगों को आलू और प्याज मिल सका था।

आम आदमी के कार्यकर्ता करेंगे प्रदर्शन

आलू, प्याज की प्रयागराज में बढ़ी कीमत के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मुखर हो गए हैं। वह आज भैंस के पोस्टर के सामने बीन बजाकर सिविल लाइंस में प्रदर्शन करेंगे।

chat bot
आपका साथी