सांड़ से बचे तो मैजिक ने रौंदा, दो की मौत और तीन जख्मी

थरवई में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग जख्‍मी हो गए। सांड़ से मजदूर बचे तो मैजिक ने रौंद दिया। चालक फरार है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 09 Feb 2019 11:07 AM (IST) Updated:Sat, 09 Feb 2019 11:07 AM (IST)
सांड़ से बचे तो मैजिक ने रौंदा, दो की मौत और तीन जख्मी
सांड़ से बचे तो मैजिक ने रौंदा, दो की मौत और तीन जख्मी

प्रयागराज : बाजार से घर लौट रहे पांच लोग शुक्रवार की देर रात सांड़ से बचे तो उन्हें मैजिक ने रौंद दिया। हादसे में फूलचंद्र और नन्हें की मौत हो गई। जबकि सुशील, विनय और धर्मराज जख्मी हो गए। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा थरवई थाना क्षेत्र के जैतवारडीह गांव के सामने हुआ। टक्कर लगने से सांड़ की भी मौत हो गई। पुलिस फरार मैजिक चालक की तलाश कर रही है।

कैसे हुआ हादसा

थरवई थाना क्षेत्र के लाहुरतारा गांव निवासी फूलचंद्र (55) पुत्र बाबादीन, सुशील (30) पुत्र रामचंद्र, विनय (34) पुत्र बुधराम, टिटिमपुर गांव का धर्मराज यादव (55) और डूहीबाग का नन्हें (34) फाफामऊ बाजार से लौट रहे थे। सभी लोग अपनी-अपनी साइकिल से थे। रात करीब साढ़े आठ बजे फाफामऊ-सहसों मार्ग पर स्थित जैतवारडीह गांव के सामने पहुंचे, तभी सड़क पर भागते हुए एक सांड़ आ गया। साइकिल सवार सभी लोग सांड़ से बच गए लेकिन तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक अनियंत्रित होकर साइकिल से आ रहे लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई।

कटे पेड़ और मैजिक के बीच फंसने से हुई दो मौत

सड़क किनारे काटकर छोड़े गए पेड़ और मैजिक के बीच दबने से नन्हें व फूलचंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुन ग्रामीण मदद को दौड़ पड़े। खबर पाकर पुलिस भी पहुंची। आनन-फानन में घायलों को बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फूलचंद्र व नन्हें को मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सुशील व विनय को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। सभी लोग मजदूरी करने वाले बताए जाते हैं। फिलहाल इंस्पेक्टर थरवई गजानंद चौबे का कहना है कि सांड़ के कारण हादसा हुआ है। मैजिक चालक की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी