सेंधा नमक खिलाकर बढ़ाएंगे गोवंश की इम्यूनिटी, प्रयागराज नगर निगम ने निकाला है टेंडर

नगर निगम द्वारा शहर से पकड़े गए गोवंश को कान्हा गोशाला भेज दिया जाता है। क्षमता से ज्यादा गोवंश के होने से उनके लिए भूसा चूनी चोकर के भी पर्याप्त बंदोबस्त न होने की बात निरीक्षण में सामने आई थी। गोवंश की जीभ में कांटे होते हैं

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 29 Aug 2021 07:40 AM (IST) Updated:Sun, 29 Aug 2021 07:40 AM (IST)
सेंधा नमक खिलाकर बढ़ाएंगे गोवंश की इम्यूनिटी, प्रयागराज नगर निगम ने निकाला है टेंडर
सेंधा नमक की सिल्लियां खरीदने के टेंडर जारी ताकि गोवंश का रखा जा सके ख्याल

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। शंकरगढ़ के जनवा गांव में नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा गोशाला में आठ दिन में 96 गोवंश की मौत हुई। इन मौतों का राजफाश काशी प्रांत के गोरक्षा विभाग के पदाधिकारी के गोशाला के निरीक्षण में हुआ। गोवंश की मौत की वजह वहां की अव्यवस्थाएं थीं। निगम प्रशासन उन अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के बजाए अब सेंधा नमक की सिल्लियों को गोवंश को चटाकर उनकी सेहत सुधारने यानी इम्युनिटी बढ़ाने की जुगत में है। सेंधा नमक की सिल्लियों की आपूर्ति के लिए 21 अगस्त को टेंडर निकाला जा चुका है। एजेंसी के चयन के लिए सात सितंबर को टेंडर खुलेगा। नमक खरीद के बाद गोवंश को चारे के साथ दिया जाएगा।

कान्हा गोशाला में 96 गोवंश की मौत के बाद जागा निगम प्रशासन

नगर निगम द्वारा शहर से पकड़े गए गोवंश को कान्हा गोशाला भेज दिया जाता है। क्षमता से ज्यादा गोवंश के होने से उनके लिए भूसा, चूनी, चोकर के भी पर्याप्त बंदोबस्त न होने की बात निरीक्षण में सामने आई थी। गोवंश की जीभ में कांटे होते हैं। इन कांटों के बढ़ आने पर उन्हें चारा खाने और पागुर करने में परेशानी होती है। कांटे न पनपने पाए, इसलिए अब गोवंशों के आगे सेंधा नमक की सिल्लियां रखने की व्यवस्था हो रही है। कहा जा रहा है कि सिल्लियों के चाटने से गोवंशों के लार नहीं निकलेगा और वह पागुर भी ज्यादा करेंगे। पशुधन अधिकारी नीरज कुमार सिंह का कहना है कि सेंधा नमक की सिल्लियों के चाटने से गोवंशों की पाचन शक्ति अच्छी रहेगी और इससे शारीरिक क्षमता भी बढ़ेगी।

सीवीओ का है यह कहना

सेंधा नमक इम्युनिटी बढ़ाता है। सेंधा नमक की सिल्ली पर जौ के आटे का छिड़काव कर देने पर गोवंश उसे चाटेंगे तो जीभ के कांटे ठीक हो जाएंगे। करीब 10 से 15 दिन के बाद इम्यूनिटी में वृद्धि होने लगेगी।

-डा. आरपी राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी

कान्हा गोशाला में बढ़ाए जाएंगे कर्मचारी

नगर आयुक्त रवि रंजन ने शनिवार को कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाएं देखीं। गोशाला में कर्मचारियों की कमी के कारण एक ही शिफ्ट में सफाई होने से गंदगी मिली। उन्होंने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और दो शिफ्ट में सफाई कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। गोशाला में करीब दो दर्जन लाइटें भी खराब मिलीं। खराब लाइटों को दुरुस्त कराने के साथ पशु अस्पताल में झूलते बिजली के तारों को हटवाकर वायरिंग कराने के भी निर्देश दिए। कहा कि शहर से गोवंश को यहां लाए जाने पर तत्काल उनका परीक्षण किया जाए। ड्यूटी के दौरान कर्मचारी वर्दी में रहेंगे। गोवंश के इलाज के लिए डाक्टर को नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। गोवंशों की मौत होने पर वैधानिक रूप से उन्हें दफन करने के भी निर्देश दिए। वह गोशाला में करीब चार घंटे तक रहे और बारीकी से सभी चीजों का निरीक्षण किए। इस दौरान मुख्य अभियंता सतीश कुमार, पशुधन अधिकारी नीरज कुमार ङ्क्षसह, स्थानीय पशु चिकित्साधिकारी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी