...तो 80 किमी का हो जाएगा नगर निगम का दायरा, 241 गांव भी होंगे शामिल Prayagraj News

आप भी जान लें नगर निगम की सीमा को बढ़ाया जाएगा। साथ ही शहर में 241 गांव शामिल होंगे। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 11:51 AM (IST) Updated:Sat, 14 Dec 2019 11:54 AM (IST)
...तो 80 किमी का हो जाएगा नगर निगम का दायरा, 241 गांव भी होंगे शामिल Prayagraj News
...तो 80 किमी का हो जाएगा नगर निगम का दायरा, 241 गांव भी होंगे शामिल Prayagraj News

प्रयागराज, [विजय सक्सेना]। प्रदेश की राजधानी लखनऊ और मुख्यमंत्री योगी के शहर गोरखपुर में सीमा विस्तार होने के बाद अब प्रयागराज शहर का दायरा भी जल्द बढ़ेगा। नगर निगम सीमा में आसपास के 241 गांवों को और शामिल करने की तैयारी है। सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि शासन से कभी भी इसे हरी झंडी मिल सकती है। इसके बाद इन गांवों को सीमा में शामिल करने का गजट नोटिफिकेशन होगा।

पांच जोन में बंटा है प्रयागराज शहर

नगर निगम ने शहर को पांच जोन में बांटा है। जोन एक खुल्दाबाद कार्यालय, जोन दो मुट्ठीगंज कार्यालय, जोन तीन कटरा कार्यालय, जोन चार अल्लापुर कार्यालय और जोन पांच नैनी कार्यालय है। जोन एक में प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर बमरौली एयरपोर्ट के पास तक नगर निगम की सीमा है। इसी तरह जोन तीन के तहत फाफामऊ में प्रयागराज-लखनऊ रोड पर शांतिपुरम चौराहा से करीब 150 मीटर पहले व फाफामऊ बाजार होकर 40 नंबर गुमटी के पास तक निगम की सीमा है। जोन चार में अलोपीबाग शास्त्री पुल के पास तक तथा जोन पांच में नैनी के मिर्जापुर रोड पर सरगम सिनेमा तक व रीवां रोड पर खान चौराहा तक निगम की सीमा है। वर्तमान में शहर के चारों तरफ नगर निगम की सीमा 62 किलोमीटर में है। सीमा विस्तार की मांग लंबे समय से हो रही है।

नगर निगम ने शासन को प्रस्ताव भेजा है

सीमा विस्तार को लेकर नगर निगम सदन में तीन वर्ष पहले तीन अक्तूबर 2016 को चर्चा हुई थी, जिसमें पार्षदों ने सीमा विस्तार आवश्यक बताया था। इसमें तय हुआ था कि जिन गांवों को सूची में शामिल किया गया है, उनमें से जो गांव मानकों को पूरा करते हैैं उनका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाए। इसके बाद नगर निगम ने शासन को प्रस्ताव भेजा। हालांकि शासन स्तर से उसमें कई बार संशोधन भी कराया गया। लेकिन अब सीमा विस्तार का मामला तकरीबन अंतिम चरण में है। पिछले दिनों प्रदेश कैबिनेट की बैठक में लखनऊ और गोरखपुर नगर निगम सीमा के विस्तार को स्वीकृति मिलने के बाद शासन स्तर पर इस संबंध में किसी भी दिन आदेश जारी होने की संभावना बढ़ गई है।

तकरीबन 80 किमी होगा नगर निगम का दायरा

सीमा विस्तार के बाद नगर निगम का दायरा 80 किलोमीटर में होगा। ऐसा होने पर जोन एक में नगर निगम की सीमा प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर सल्लापुर तक, जोन तीन में फाफामऊ के आगे गद्दोपुर तक, जोन चार में झूंसी के आगे सरायइनायत तक तथा जोन पांच में नैनी के आगे मिर्जापुर रोड पर रामपुर चौराहा तक व रीवां रोड पर मामा भांजा तालाब के पास तक होगी। 

सीमा विस्तार में जोनवार शामिल होने वाले गांव

जोन एक-34 गांव

जोन तीन-27 गांव

जोन चार-86 गांव

जोन पांच-94 गांव

सीमा विस्तार से बदलेगी गांव की तस्वीर

महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी का कहना है कि शासन ने अगली कैबिनेट बैठक में प्रयागराज नगर निगम सीमा के विस्तार को प्रस्ताव को मंजूरी देने का आश्वासन दिया है। बताया कि सीमा विस्तार होने के बाद इसमें शामिल होने वाले गांवों में मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, सडक, स्ट्रीट लाइट आदि की समस्या खत्म होगी। गांव का समुचित विकास होगा। यहां रहने वालों को जनहित की योजनाओं का लाभ मिलेगा। सीमा विस्तार के बाद वार्डों की संख्या भी बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी