फूलपुर में आज से चढ़ेगा चुनावी रंग

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव पर रविवार से चुनावी रंग चढ़ेगा। अब दल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Mar 2018 06:01 PM (IST) Updated:Sat, 03 Mar 2018 06:01 PM (IST)
फूलपुर में आज से चढ़ेगा चुनावी रंग
फूलपुर में आज से चढ़ेगा चुनावी रंग

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव पर रविवार से चुनावी रंग चढ़ेगा। अब दलों की ओर से स्टार वार होगा। यही नहीं प्रचार में दल पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं।

रविवार को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दो सभाएं हैं। पहली सभा दोपहर में एक बजे नवाबगंज में तथा दूसरी सभा प्रीतमनगर स्थित दुर्गा पूजा पार्क में अपरान्ह तीन बजे होगी। दोनों सभाओं में सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को ही अफसरों की तैनाती कर दी गई है। इसके बाद आठ मार्च को मुख्यमंत्री फिर आएंगे। तब वह तीन सभाएं करेंगे। इसके अलावा दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन, सिद्धार्थनाथ सिंह व नंदगोपाल नंदी की भी कई सभाएं होंगी। कई केंद्रीय मंत्रियों के भी आने का कार्यक्रम है।

दूसरी ओर सपा ने भी प्रचार के लिए अपने दिग्गज उतार दिए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव बलराम सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज, पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री मुनीर अहमद समेत आधा दर्जन विधायक व एमएलसी ने डेरा डाल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव नौ मार्च को फाफामऊ में सभा को संबोधित करेंगे। जबकि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, पूर्व मंत्री आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम समेत कई नेता अगले हफ्ते प्रचार को आएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया की भी सभाएं होंगी।

दरअसल, फूलपुर संसदीय सीट को तीनों प्रमुख दल प्रतिष्ठा से जोड़कर चल रहे हैं। कांग्रेस तो परंपरागत सीट मान रही है। यहां से देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू वर्ष 1952, 1957 व 1962 में विजयी हुए थे। इसके उनकी बहन पंडित विजय लक्ष्मी पंडित वर्ष 1967 मे जीती थीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी का कहना है कि पार्टी ने इस सीट के लिए पूरी ताकत लगा दी है। सपा के जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव का कहना है कि इस क्षेत्र से चार बार उनकी पार्टी के प्रत्याशी को नुमाइंदगी का मौका मिला है। इस बार भी उनकी पार्टी ने पूरा जोर लगा दी है। भाजपा यहां पहली बार वर्ष 2014 में विजयी हुई है। केशव मौर्य यहां से जीते थे। इसलिए पार्टी की कोशिश है कि यह सीट हाथ में ही रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र देव पांडेय का कहना है कि उपचुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी तेज हो गई है।

कब-कौन जीते

1952 में पंडित नेहरू जीते

1957 में पंडित नेहरू जीते

1962 में पंडित नेहरू जीते

1967 में विजय लक्ष्मी जीतीं

1969 में जनेश्वर मिश्र जीते

1971 में विश्वनाथ प्रताप सिंह जीते

1977 में कमला बहुगुणा जीतीं

1980 में प्रो.बीडी सिंह जीते

1984 में रामपूजन पटेल जीते

1989 में रामपूजन पटेल जीते

1991 में रामपूजन पटेल जीते

1996 में जंगबहादुर पटेल जीते

1999 में धर्मराज पटेल जीते

2004 में अतीक अहमद जीते

2009 में कपिलमुनि करवरिया जीते

2014 में केशव प्रसाद मौर्य जीते

आंकड़ों में फूलपुर संसदीय क्षेत्र

-कुल मतदान केंद्र 838

-कुल मतदेय स्थल 2154

-कुल मतदाता लगभग 19.5 लाख

-कुल आबादी लगभग 30 लाख

-कुल विधानसभा क्षेत्र 05

chat bot
आपका साथी