इलाहाबाद में कांपी धरती

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : शनिवार को प्रयाग में भी एक के बाद एक तीन झटके महसूस किए गए। अफरातफरी मची

By Edited By: Publish:Sat, 25 Apr 2015 07:16 PM (IST) Updated:Sun, 26 Apr 2015 04:57 AM (IST)
इलाहाबाद में कांपी धरती

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : शनिवार को प्रयाग में भी एक के बाद एक तीन झटके महसूस किए गए। अफरातफरी मची और आशंकाओं में दिन गुजरा। घबराए लोग घरों, दफ्तरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सड़कों पर मजमा ऐसे लगा, मानो कोई आयोजन हो। स्कूलों में भी जल्दी छुंट्टी कर दी गई।

सुबह 11.41 बजे अचानक प्रयाग में हलचल पैदा हुई। धरती डोली और लोग कांपने लगे। घरों के दरवाजे, खिड़कियां हिलने लगे। करीब 20 सेकेंड यह कंपन महसूस हुई और झटके महसूस किए गए। पहले तो लोग समझ नहीं पाए, लेकिन जैसे ही समझ में आया, अफरातफरी मच गई। हर तरफ यही शोर था -भागो, भागो भइया भूकंप आया। लोग एक दूसरे से अपना एहसास बयां कर ही रहे थे, तभी 12.15 बजे भूकंप का दूसरा झटका आया। सड़क पर खड़ी कारें हिलने लगीं। इसके बाद एक और झटका लगा, हालांकि ज्यादातर लोग इसे महसूस नहीं कर सके। झटकों से कुछ सरकारी विभागों के प्लास्टर व शीशे टूट गए। पुलिस मॉडल कंट्रोल रूम की दीवार दरकने के साथ ही खत्री पाठशाला स्कूल, फाफामऊ, नैनी आदि स्थानों पर भी दीवारें दरकीं। थरवई में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। गंगा पार और यमुना पार में भी पेड़ धराशायी होने के साथ-साथ कई पुराने मकानों की दीवारें चटखने की बात कही जा रही है। भूकंप की सूचना मिलते ही एसएसपी बीपी श्रीवास्तव ने शहर के सभी शापिंग माल को खाली करवा कर तीन घंटे के लिए बंद करा दिया। स्कूलों में समय के पहले ही छुट्टी कर दी गई। घबराए अभिभावक स्कूल पहुंच गए और अपने साथ बच्चों को ले गए। कलेक्ट्रेट, कचहरी व विकास भवन में भी कामकाज ठप हो गया। देर शाम तक ऑफ्टर शॉक की आशंका जताई जाती रही और शहर के मुहल्लों में भूकंप की दहशत तारी रही।

chat bot
आपका साथी