धनतेरस से पहले फिर याद आया सेंटर प्वाइंट
शहर का हृदय कहा जाना वाला पॉश मार्केट सेंटर प्वाइंट फिर वही दर्द झेल रहा है।
जासं, अलीगढ़ : शहर का हृदय कहा जाना वाला पॉश मार्केट सेंटर प्वाइंट फिर वही दर्द झेल रहा है, जो साल भर पहले इन्हीं दिनों सहन किया था। तब भी दीपावली के आगमन की खुशियों से शहर सराबोर था, और सेंटर प्वाइंट वीरान पड़ा था। आज यहां वही हालात बन गए हैं। ऐसा नहीं कि सेंटर प्वाइंट को संवारने का काम नगर निगम नहीं कर रहा, कर रहा है, लेकिन काम की रफ्तार इतनी धीमी है कि त्योहार तक निर्माण कार्य पूरा हो जाए, इसको लेकर व्यापारियों को संशय है। धनतेरस से पहले चारों मार्गों पर एक साथ काम छेड़ दिया है, जबकि यह समय खरीदारी का है। सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है, ग्राहकों ने दूरियां बना ली हैं। व्यापारियों का कहना है, त्योहार से पहले नगर निगम ने काम छेड़ कर कारोबार प्रभावित कर दिया है।
सेंटर प्वाइंट के सुंदरीकरण के लिए 2018 में अतिक्रमण ध्वस्त कर चौड़ीकरण किया गया था। इसके बाद कुछ माह निर्माण कार्य चला, फिर थम गया। स्थानीय व्यापारियों में इसको लेकर काफी आक्रोश था। धरना-प्रदर्शन भी हुए। तब 2019 में काम शुरू कराया गया। रेलवे स्टेशन मार्ग को छोड़कर बाकी तीनों मार्गों पर फुटपाथ बने, अंडरग्राउंड बिजली की लाइन बिछाई गईं, लाइट लगवा दी गईं। नाला निर्माण भी कराया गया, जो अभी अधूरा है। कोरोना संकट के चलते मार्च में काम बंद हो गया। लॉकडाउन के बाद निर्माण कार्य फिर शुरू हुआ, जो रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। रेलवे स्टेशन रोड का चौड़ीकरण होना है, जिसके लिए अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगा दिए गए, लेकिन अतिक्रमण हटाए नहीं गए। चौराहे पर आई लैंड के निर्माण के साथ चारों मार्गों पर एक साथ टेबल टॉप क्रासिग पर भी काम शुरू कर दिया गया। यही इन दिनों मुसीबत बना हुआ है। निर्माण कार्य के चलते हर रोज यहां जाम की स्थिति रहती है। वाहन निकल नहीं पाते, पैदल निकलना भी दुश्वार हो जाता है। निर्माण सामग्री इधर-उधर बिखरी रहती है। हवा के साथ बालू, सीमेंट दुकानों में पहुंचती है। दुकानदारों के अलावा ग्राहक भी परेशान हैं।
तीन मीटर चौड़ी क्रासिग
टेबल टॉप क्रासिग की चौड़ाई करीब तीन मीटर है और सड़क से लेवल से 15 सेमी ऊंची स्लैब के रूप में रखी गई है। यहां साइन बोर्ड लगेगा, ताकि लोग क्रासिग से पहले वाहनों की गति कम कर लें। अब तक ये क्रासिग बनकर तैयार हो जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा हो न सका।
व्यापारियों की सुनो..
त्योहार का समय चल रहा है। ऐसे में काम नहीं छेड़ना चाहिए, या फिर समय से काम पूरा हो जाता। काफी परेशानी हो रही है। दिनभर जाम की स्थिति रहती है।
राजेश अग्रवाल, फिटनेस शॉप
सेंटर प्वाइंट पर इन दिनों बुरे हालात हैं। धीमी गति से निर्माण कार्य चल रहा है। पिछली साल भी त्योहार पर काम शुरू कराया था, अब भी वही स्थिति है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
राजीव जलाली, जलाली स्वीट्स
त्योहार को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त से बात हुई थी। उन्होंने आश्वासन भी दिया, लेकिन काम गति नहीं पकड़ पा रहा। व्यापारियों को नुकसान हो रहा है।
विवेक बगाई, अध्यक्ष, सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल
नगर निगम दो साल में एक चौराहे का सुंदरीकरण नहीं करा सका, जबकि दावे किए गए थे कि हर चौराहे को संवारा जाएगा। त्योहार पर व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है।
शमन माहेश्वरी, महामंत्री, सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल
लॉकडाउन के दौरान निर्माण कार्य बंद रहे थे, जो अब शुरू हो चुके हैं। सेंटर प्वाइंट पर तेजी से कार्य चल रहा है। किसी व्यापारी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कुलभूषण वाष्र्णेय, चीफ इंजीनियर नगर निगम।