अलीगढ़ के कई नेताओं का बसपा ने निष्कासन किया रद

इन सभी का निष्कासन पार्टी में अनुशासनहीनता को लेकर किया गया था।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Jan 2022 09:40 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jan 2022 09:40 PM (IST)
अलीगढ़ के कई नेताओं का बसपा ने निष्कासन किया रद
अलीगढ़ के कई नेताओं का बसपा ने निष्कासन किया रद

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : बसपा ने पार्टी के पूर्व मुख्य सेक्टर प्रभारी महेश चौधरी सहित चार पूर्व पदाधिकारियों का गुरुवार को निष्कासन रद कर दिया है। इन सभी का निष्कासन पार्टी में अनुशासनहीनता को लेकर किया गया था। इनमें से कुछ पर पंचायत चुनाव खास तौर पर जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों को अपने समर्थकों को टिकट न देने पर जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह के कार्यालय में तोड़फोड़ व भाई पर रिवाल्वर तानने का आरोप लगा था। इस हमले की रिपोर्ट भी थाना क्वार्सी में दर्ज कराई गई थी। इस प्रकरण में पार्टी ने निष्कासित मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी रणवीर कश्यप को पहले ही बहाल कर दिया था। संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा में एकजुटता के लिए यह फैसला लिया है।

विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी अपने कट्टर समर्थक व किन्हीं कारणों से पार्टी से निकाले गए या छोड़कर गए लोगों को वापस भी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर पूर्व मुख्य सेक्टर प्रभारी महेश चौधरी, इगलास विधानसभा उपचुनाव के पार्टी प्रत्याशी रहे अभय कश्यप, तत्कालीन महानगर अध्यक्ष संदीप पाटिल व पूर्व बरौली विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम का निष्कासन रद्द करते हुए पार्टी में उनकी पुन: वापसी का फैसला लिया है। जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने इन सभी के वापसी की पुष्टी की है।

.....

भीम आर्मी व आसपा

नेताओं की घर वापसी

भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी (आसपा) के जिला प्रभारी महेंद्र निषाद सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने गुरुवार को अपनी पार्टी से इस्तीफा दिया है। वे अपने समर्थकों के साथ फिर से बसपा में शामिल हुए हैं। मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सूरज सिंह व अशोक सिंह की मौजूदगी में खैर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रतन दीप सिंह ने निषाद को समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता दिलाई है।

chat bot
आपका साथी