आंख पर पट्टी, जुबान पर सरकार का विरोध, ऐसा रहा सपा का प्रदर्शन Aligarh news

लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के पुत्र द्वारा किसानों पर गाड़ी चढ़ा कर 8 से अधिक किसानों की हत्या किए जाने के विरोध में जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी अर्जुन ठाकुर के नेतृत्व में तहसीलदार इगलास सौरव यादव को ज्ञापन दिया गया।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 04:12 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 04:13 PM (IST)
आंख पर पट्टी, जुबान पर सरकार का विरोध, ऐसा रहा सपा का प्रदर्शन Aligarh news
लखीमपुर की घटना को लेकर आंख पर पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के पुत्र द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ा कर 8 से अधिक किसानों की हत्या किए जाने के विरोध में जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी अर्जुन ठाकुर के नेतृत्व में तहसीलदार इगलास सौरव यादव को ज्ञापन दिया गया।

सुबह से ही तहसील परिसर छावनी में तब्‍दील

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी और किसानों की हत्या के विरोध में तहसील इगलास का घेराव समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। सुबह से ही तहसील परिसर को स्थानीय प्रशासन द्वारा छावनी में तब्दील किया जा चुका था। अर्जुन ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस चौकी द्वारा लगातार दबाव बनाया गया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। दोपहर में पुलिस अभिरक्षा में उन्हें ज्ञापन देने के लिए तहसील इगलास ले जाया गया, जहां पर उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ हाथरस मार्ग को लगभग 10 मिनट तक जाम कर दिया तथा योगी और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। सभी कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप अपनी आंखों पर काली पट्टी बांध रखी थी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस गूंगी बहरी सरकार को अब दिखाई भी नहीं दे रहा। कार्यकर्ता किसानों की हत्या और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गिरफ्तार किए जाने से बेहद आक्रोशित थे।

यह सरकार अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला रही

अर्जुन ने कहा यह सरकार अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला रही है पिछले आठ से अधिक महीने से किसान कृषि बिलो का विरोध कर रहे हैं, लेकिन इस सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। यह सरकार हर हालत में उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है और उनके हाथ की कठपुतली बन कर रह गई है। अंग्रेजी हुकूमत में जहां जनरल डायर ने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाई थी वहीं योगी और मोदी सरकार ने निहत्थे किसानों पर गाड़ियां चढ़ाकर उनकी हत्या करवा रही है। ऐसी सरकार को अब जाना ही होगा। सरकार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उसके पुत्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज करना चाहिए, साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए तथा मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।  मृतक किसानों के परिवारों को एक-एक करोड़ की अविलंब सहायता प्रदान की जानी चाहिए और तीनों ही कृषि कानूनों की तत्काल वापसी होनी चाहिए।

यह लोग रहे उपस्‍थित

इस मौके पर अर्जुन ठाकुर जिला उपाध्यक्ष, प्रभात कुमार सविता प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड, अनिल चौधरी, प्रधान चौधरी, रोतान सिंह प्रधान, डॉक्टर इसहाक अल्वी, डॉक्टर सत्य प्रकाश, प्रवीण चौधरी, अवधेश सारस्वत, देश दीपक, फौजी खान, कान्हा तोमर, भोला ठाकुर, नीरज कुमार, रईस खान, इरफान खान, श्यामवीर सिंह, हरेंद्र चौधरी, गौरव शर्मा, राहुल मित्तल, विजेंद्र चौधरी, लव तोमर, जुनेद अल्वी, सत्यवीर सिंह, मोहर सिंह, वीरेंद्र शर्मा, रजनीश कुमार, दिनेश चौधरी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी