UP assembly elections 2022 : त्रिदेव से भाजपा करेगी विधानसभा चुनाव को फतह Hathras News

भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव त्रिदेव यानी बूथ प्रभारी बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट के दम पर फतेह करेगी। प्रदेश नेतृत्व ने इसकी रणनीति पर रविवार को ब्रज क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष व प्रभारियों के साथ तीन घंटे तक मंथन किया।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 10:12 AM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 10:20 AM (IST)
UP assembly elections 2022 : त्रिदेव से भाजपा करेगी विधानसभा चुनाव को फतह Hathras News
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव त्रिदेव यानी बूथ प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट के दम पर फतह करेगी।

हाथरस, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव त्रिदेव यानी बूथ प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट के दम पर फतह करेगी। प्रदेश नेतृत्व ने इसकी रणनीति पर रविवार को ब्रज क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष व प्रभारियों के साथ तीन घंटे तक मंथन किया। इस दौरान केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जोश भरा तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सपा पर निशाना साधते हुए लोगों को सचेत करने पर जोर दिया। वहीं, कार्यकर्ताओं को चुनाव जीत के टिप्स देते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कार्यकर्ताओं को सिर पर बर्फ, सीने में आग, मुंह में शक्कर व पैर में चक्कर का मंत्र दिया। कहा, ठंडे दिमाग व मधुर वाणी से नाराज कार्यकर्ताओं को संतुष्ट कर भाजपा को जिताने के लिए संतुलन बनाने का काम करें।

ब्रज क्षेत्र के मंडल प्रभारियों को समझायी गयी जिम्‍मेदारी

अलीगढ़ रोड स्थित एक गैस्ट हाउस में हुई बैठक के दौरान ब्रज क्षेत्र के 18 जिलों के मंडल अध्यक्ष व प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारी समझाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर महीने कम से कम पांच से 10 दिन गांवों में प्रवास करें। केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री व प्रदेश सह प्रभारी अर्जुन मेघवाल ने 75 जिलों में 403 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए हर कार्यकर्ता को जुट जाने के लिए कहा। वहीं, प्रदेश के प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सदस्यता अभियान समझाते हुए कहा कि पिछले चुनाव में प्रदेश में भाजपा के 2.5 करोड़ सदस्य थे। अब डेढ़ करोड़ सदस्य और बनाने हैं। साथ ही उन्होंने देश के खिलाफ साजिश करने नेताओं को लखनऊ नहीं जाने देने का आह्वान किया। कहा, पेंशन देने की बात कहने वाली कांग्रेस को खुद पेंशन में है। सपा और बसपा की गुंडा और भ्रष्टाचार से भरी कहानी है। उन्होंने सपा पार्टी के अखिलेश यादव के तंज भाजपा भागता परिवार पर पलटवार किया। कहा, सपा के लिए परिवार की परिभाषा कुनबा तक सीमित है। एक चाचा नाराज घूम रहा है। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री नगेंद्र सिंह सिकरवार ने किया।

सपा का नाम दंगा पार्टीः मौर्य

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश में कानून व्यवस्था के बहाने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा, 2017 में सपा की सरकार में जिस गाड़ी पर सपा का झंडा लगा होता था, उस गाड़ी में गुंडा बैठा होता था। सपा का नाम दंगा पार्टी है। भाजपा सरकार में हालात बदले हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ विकास का माहौल है। अब गुंडे, माफिया व अपराधी दिखाई नहीं दे रहे हैं। विकास, कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा के अलावा बसपा, कांग्रेस और रालोद आसपास नहीं ठहरते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बिना भाजपा का कमल नहीं नहीं खिल सकता। इससे पूर्व उन्होंने हाथरस में तालाब ओवरब्रिज का उद्घाटन किया।

भाजपा का फंडा -त्रिदेव यानी बूथ प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बूथ लेवल एजेंट पर पार्टी को भरोसा -सिर पर बर्फ, सीने में आग, मुंह में शक्कर व पैर में चक्कर का मंत्र याद रखें -हर महीने कम से कम पांच से 10 दिन गांवों में प्रवास करें -अधिक से अधिक पार्टी के सदस्य बनाएं

chat bot
आपका साथी