कम पैसे में पाइए 'जीवन रक्षक'

By Edited By: Publish:Fri, 22 Aug 2014 01:49 AM (IST) Updated:Fri, 22 Aug 2014 01:49 AM (IST)
कम पैसे में पाइए 'जीवन रक्षक'

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) ने 'जीवन रक्षक' नाम की नई पॉलिसी लांच की है। यह उन लोगों के लिए बेहद लाभकारी है, जो निम्न और मध्यम आय वर्ग के हैं।

गुरुवार को मसूदाबाद स्थित मंडल कार्यालय में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक विजय कुमार सिंह ने 'जीवन रक्षक' पॉलिसी की विस्तार से खूबियां बताईं। कहा, एलआइसी ने लंबे समय बाद मध्यम-आय वर्ग के लिए कम प्रीमियम की योजना उतारी है। यह आठ से 55 आयु वर्ग के लिए होगी। इसकी अवधि 10 से 20 वर्ष है। बीमित व्यक्ति की परिपक्वता के वक्त अधिकतम आयु 70 वर्ष तक होगी। बीमा राशि न्यूनतम 75 हजार व अधिकतम दो लाख होगी। यह पॉलिसी बिना स्वास्थ्य परीक्षण के भी उपलब्ध है। पारिवारिक योजना भी है।

वरिष्ठ मंडल प्रबंधक ने कहा कि यह नॉन यूलिप व नॉन मेडिकल प्लान है। इसमें किसी भी तरह का लॉकिंग पीरियड नहीं है। प्रीमियम एकमुश्त जमा करने की सुविधा जरूर नहीं है। इस मौके पर विपणन प्रबंधक पीके कटियार, प्रबंधक (विक्रय) एमके उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी कैलाश चंद्र आदि थे।

अलीगढ़ पहले पायदान पर

एलआइसी के मंडल कार्यालय ने उत्तर-मध्य क्षेत्र में बाजी मारी है। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 14 अगस्त तक 33,223 पॉलिसी बेची गईं। इससे 51.09 करोड़ प्रीमियम जमा हुआ है। उत्तर मध्य क्षेत्र और राष्ट्रीय स्तर पर वृद्धि दर के नजरिये से अलीगढ़ मंडल पहले स्थान पर है। बीते वित्तीय वर्ष में दावा भुगतान में अलीगढ़ उत्तर-मध्य क्षेत्र में प्रथम व राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर रहा है।

एसएमएस से देंगे बधाई

एलआइसी अब अपने ग्राहकों को एसएमएस से बधाई देगी। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक ने बताया कि एक सितंबर से इंश्योरेंस वीक शुरू होगा। अलीगढ़ मंडल के करीब 16.5 लाख पॉलिसी धारक हैं। इनमें से डेढ़ लाख के नंबर जुटा लिए गए हैं। बीएसएनएल के सहयोग से इन्हें बधाई संदेश दिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी