आगरा में 'द करेला स्टोरी' जैसी कहानी, मिस्ड काल से मुस्लिम युवक ने प्रेम में फंसाया, धर्म परिवर्तन करा कर शादी

आगरा की घटना में पीड़िता ने रकाबगंज पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित युवती के पास एक बेटा भी है जिसकी परवरिश की अब उसे चिंता सता रही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज युवक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 14 May 2023 02:20 PM (IST) Updated:Sun, 14 May 2023 02:20 PM (IST)
आगरा में  'द करेला स्टोरी' जैसी कहानी, मिस्ड काल से मुस्लिम युवक ने प्रेम में फंसाया, धर्म परिवर्तन करा कर शादी
युवती ने युवक और उसके स्वजन के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में भी 'द केरला स्टोरी' जैसी कहानी सामने आई है। मुईन ने राजा बनकर युवती से दोस्ती की। उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया। घर ले जाकर बंधक बना लिया। जबरन धर्मांतरण करा निकाह किया। जिसके बाद मुईन और उसके घर वालों ने कई वर्ष उत्पीड़न किया। तीन तलाक बोलकर अबोध पुत्र समेत घर से निकाल दिया। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। मुईन और उसके स्वजन के विरुद्ध रकाबगंज थाने में अभियोग दर्ज कराया है।

मिस्ड काल से दोस्ती की शुरुआत

रकाबगंज क्षेत्र निवासी युवती के अनुसार वर्ष 2018 में अपरिचित नंबर से उसके मोबाइल पर काल आई। रिसीव करने पर दूसरी ओर से बात करने वाले ने अपना नाम राजा बताया। कहा कि वह हिंदू है, उससे दोस्ती करना चाहता है।युवती के अनुसार उसने रांग नंबर कहकर काल काट दी। इसके बावजूद राजा आए दिन उसे फोन करने लगा। दोस्ती का दबाव बनाया। जिस पर वह राजा से बात करने लगी।

मिलने के लिए बुलाया फिर दिया शादी का प्रस्ताव

युवती के अनुसार राजा से दोस्ती हो गई। एक दिन राजा ने उसे मिलने के लिए बुलाया। कहा कि उससे शादी करना चाहता है। उसे अपने घर बालूगंज लेकर गया। वहां पता चला कि वह दूसरे संप्रदाय का है। झूठ बोलकर दोस्ती की थी। वह राजा उर्फ मुईन से संबंध खत्म करने की कहने लगी। आरोप है कि राजा और उसके स्वजन ने बंधक बना लिया। उसका धर्मांतरण करा निशा खान नाम रख दिया।

निकाह के बाद उत्पीड़न

राजा ने नवंबर 2018 में उससे निकाह किया। उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था। शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इस दौरान उसे एक बेटा भी हो गया। इसके बाद भी राजा और उसके स्वजन का व्यवहार नहीं बदला। युवती का आरोप है कि राजा ने कई और युवतियों को भी इसी तरह से अपने जाल में फंसा रखा है। जिसकी तस्वीरें उसके पास हैं। इसकी जानकारी स्वजन को भी है, वह उसी का साथ देते हैं।

तीन तलाक बोलकर घर से निकाला

युवती का आरोप है कि राजा उर्फ मुईन अब उसे रखने काे तैयार नहीं है।उसने 17 फरवरी 2020 को उसे तीन बार तलाक बोलकर बेटे समेत घर से निकाल दिया। पुलिस में शिकायत करने पर उसे धमकी दी गई। डर के चलते वह कई महीने तक पुलिस में नहीं गई। बाद में उसने पुलिस में शिकायत की। वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर उसने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायिक आदेश पर रकाबगंज थाने में शनिवार को राजा उर्फ मुईन उसके पिता समेत छह आरोपितों के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया है।

अभियोग दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है, साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। युवती के बयान दर्ज कराए जाएंगे। विकास कुमार पुलिस उपायुक्त

chat bot
आपका साथी