हिंदू संगठन का कांग्रेस कार्यालयों पर हंगामा, होर्डिंग फाड़े, पोती गई स्‍याही

रविवार दोपहर शहर व जिला कार्यालय पर किया प्रदर्शन, नारेबाजी। कांग्रेसियों ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, पुलिस को दी तहरीर।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 03 Feb 2019 03:11 PM (IST) Updated:Sun, 03 Feb 2019 06:57 PM (IST)
हिंदू संगठन का कांग्रेस कार्यालयों पर हंगामा, होर्डिंग फाड़े, पोती गई स्‍याही
हिंदू संगठन का कांग्रेस कार्यालयों पर हंगामा, होर्डिंग फाड़े, पोती गई स्‍याही

आगरा, जागरण संवाददाता।हिंदू जागरण मंच ने रविवार को कांग्रेस के कार्यालय पर हंगामा काटा। जिला व शहर कार्यालय पर लगे होर्डिंग व बैनर फाड़ दिए। पोस्टरों पर कालिख पोत दी और आगजनी का प्रयास किया कांग्रेसियों ने दोषियों को 48 घंटे में गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम पुलिस को दिया है। जिला व शहर कार्यालय पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी, महानगर के कार्यकर्ता एकत्र होकर जयपुर हाउस स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां लगे पार्टी के बैनर और झंडियां फाड़ दीं। बैनर पर कालिख पोत दी। उन्होंने वहां ज्वलनशील पदार्थ डालकर आगजनी का प्रयास किया लेकिन बिल्डिंग में रह रहे लोगों के विरोध के बाद वो वहां से चले गए। दोपहर एक बजे के करीब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता न्यू आगरा स्थित शहर कांग्रेस के कार्यालय पहुंचे। यहां लगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के होर्डिंग को फाडऩे लगे। कांग्रेस कार्यकर्ता ने विरोध किया तो उसके साथ अभद्रता और मारपीट की।

जिला व शहर कार्यालयों पर हुई घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेसियों में रोष फैल गया। दोनों जगह कांग्रेसी एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी जांच की। जिला कार्यालय प्रभारी प्रताप सिंह बघेल ने लोहामंडी थाने में तहरीर दी है। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा भी थाना न्यू आगरा में तहरीर दी गई है। पार्टी ने पुलिस को 48 घंटे का समय दिया है। सोमवार को पार्टी द्वारा कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाएगा।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

जयपुर हाउस स्थित जिला कार्यालय के नजदीक स्थित दुकान से पुलिस ने घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इनमें कुछ युवक कांग्रेस की झंडियां फाड़ते हुए नजर आ रहे हैं। शहर कार्यालय पर हुए घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष को कराया अवगत

प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमें भरोसा नहीं है। वो आरएसएस के इशारे पर काम कर रही है। घटना से प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को अवगत करा दिया गया है। एडीजी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

क्‍या बोले पदाधिकारी

शहर कार्यालय पर पहुंचे लोगों के पास हथियार भी थे। सुनियोजित तरीके से हमला किया गया है। थाना न्यू आगरा में तहरीर दी है। भाजपा का चार माह बाद विदाई समारोह है। उसके सहयोगी इससे खिसिया रहे हैं। वो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टारगेट कर रहे हैं।

-हाजी अबरार हुसैन, कांग्रेस शहर अध्यक्ष

शहर में धारा 144 लागू हैं। इसके बावजूद जुलूस निकालते हुए सुनियोजित हमले किए जा रहे हैं। अगर जिला कार्यालय पर कार्यकर्ता होते तो हिंसक घटना हो सकती थी। सुनियोजित तरीके से हमले किए गए हैं। पुलिस अगर कार्रवाई नहीं करती तो पार्टी आंदोलन करेगी।

-दुष्यंत शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी