पांच से शुरू होगा सात दिवसीय गीता ज्ञान गंगा महोत्सव

गीता के श्लोकों का होगा वैज्ञानिक विवेचन चार मार्च को निकाली जाएगी गीता यात्रा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 09:03 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 09:03 PM (IST)
पांच से शुरू होगा सात दिवसीय गीता ज्ञान गंगा महोत्सव
पांच से शुरू होगा सात दिवसीय गीता ज्ञान गंगा महोत्सव

आगरा, जागरण संवाददाता। श्रीमद्भगवत गीता चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में पांच से 11 मार्च तक सिकंदरा स्थित सौ फुटा रोड पर सात दिवसीय गीता ज्ञान गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। गीताचार्य पंडित दिनेश दीक्षित भगवत गीता के श्लोकों का वैज्ञानिक विवेचन कर समस्याओं का समाधान करेंगे।

तैयारियों की जानकारी देने के लिए सोमवार को आयोजित बैठक में गीताचार्य पंडित दिनेश दीक्षित ने बताया कि भौतिकवाद के युग में श्रद्धा की जगह तर्क का आसरा ग्रहण करने वाली नई पीढ़ी को इन धर्म ग्रंथों का वैज्ञानिक पक्ष बताना बहुत जरूरी हो गया है। इससे न केवल वे अपनी गौरवशाली परंपराओं से जुड़ेंगे, बल्कि अपने जीवन में क्रांतिकारी सफलता भी अर्जित करेंगे। श्रद्धा दीक्षित ने बताया कि सात दिवसीय गीता ज्ञान गंगा महोत्सव से पूर्व चार मार्च को नेहरू नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर से पालीवाल पार्क स्थित गीता भवन तक गीता यात्रा निकाली जाएगी। गीताचार्य दिनेश दीक्षित ने बताया कि यात्रा में शामिल सैकड़ों प्रभु प्रेमी हाथों में तख्ती लेकर गीता का अमूल्य संदेश जन-जन को देंगे। प्रवचन माला का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। बैठक में प्रधान महेंद्र सिंह, डा. एनके चतुर्वेदी, मनोज गुप्ता, शक्ति चतुर्वेदी, भक्ति शुक्ला, विवेक जैन आदि मौजूद रहे। गीता श्लोक सुनाने वाली छात्रों को किया जाएगा पुरस्कृत

ट्रस्ट द्वारा शहर की 12वीं कक्षा तक की 300 छात्राओं को गीता श्लोक याद कराए जा रहे हैं। इन छात्राओं को गीता संदेश किताब दी गई है। इस किताब में से जो 11 छात्राएं 11 श्लोक भावार्थ के साथ शुद्ध उच्चारण के साथ सुनाएंगी, उन्हें मुख्यमंत्री से पुरस्कार दिलाने की योजना है। ट्रस्ट की श्रद्धा दीक्षित ने बताया कि मुख्यमंत्री को इस योजना की जानकारी मेल द्वारा भेज दी गई है। गीता ज्ञान गंगा महोत्सव की समाप्ति पर छात्राओं से श्लोक सुने जाएंगे।

chat bot
आपका साथी