Jail in Agra: DM और SSP Agra ने किया जिला जेल का निरीक्षण, जाना बंदियों का हाल

Jail in Agra सांस्कृतिक कला मंच का किया उदघाटन। मासिक निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने अस्पताल और बैरकों में बंदियों का हाल जाना। मंच पर बंदियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे बंदियों का मनोरंजन हो सकेगा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 03:19 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 03:19 PM (IST)
Jail in Agra: DM और SSP Agra ने किया जिला जेल का निरीक्षण, जाना बंदियों का हाल
डीएम और एसएसपी आगरा जेल का निरीक्षण करते हुए।

आगरा, जागरण संवाददाता। जिला जेल में शनिवार को डीएम प्रभु एन. सिंह और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने बैरकों में बंदियों से बात की। साथ ही हाल ही में तैयार हुए सांस्कृतिक कला मंच का भी उदघाटन किया।

डीएम और एसएसपी शनिवार को सुबह 11 बजे मासिक निरीक्षण के लिए जिला जेल में पहुंचे। उन्होंने पाक शाला, पुरुष और महिला बैरक के साथ-साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में भर्ती बंदियों से बात की। साथ ही विभिन्न बैरकों में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कई बंदियों से व्यवस्था के संबंध में बातचीत भी की। सर्दियों की शुरुआत हो गई है। ऐसे में उन्हें जेल प्रशासन द्वारा कंबल आदि जरूरी सामान की सुविधा दी जा रही है या नहीं? इसकी भी जानकारी ली। बंदियों ने बताया कि जेल में सर्दियों से बचाव के लिए कंबल आदि के सही प्रबंध हैं। किसी बंदी ने व्यवस्था संबंधी कोई शिकायत अधिकारियों के सामने नहीं रखी। करीब आधा घंटे तक जिलाधिकारी और एसएसपी जिला जेल में रहे। जिला जेल के निरीक्षण में अधिकारियों को कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। जिला जेल में हाल ही में निर्मित सांस्कृतिक कला मंच का भी दोनों अधिकारियों ने उदघाटन किया। इस कला मंच पर बंदियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे बंदियों का मनोरंजन हो सकेगा। जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया ने जेल में निर्मित सांस्कृतिक कला मंच और इंटरलाकिंग का कार्य कराने वाले समाजसेवियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने समाजसेवियों से बंदियों के हित में भविष्य में भी सहयोग की उम्मीद जताई। जेल में सांस्कृतिक कला मंच के उदघाटन के मौके पर जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया, जेलर राजेश कुमार सिंह, हरवंश कुमार पांडेय, कृपाल सिंह अहिरवार, करुणेश कुमार व अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। 

chat bot
आपका साथी