इस दिवाली सोच रहे हैं पर्दे बदलने की ताे येे खबर है आपके काम की, मिलेगा घर को नया लुक Agra News

बाजार में उपलब्‍ध हैं दर्जन भर ज्‍यादा प्रकार के पर्दे। रूम के अनुसार चुनें पर्दों का रंग।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 21 Oct 2019 02:55 PM (IST) Updated:Mon, 21 Oct 2019 02:55 PM (IST)
इस दिवाली सोच रहे हैं पर्दे बदलने की ताे येे खबर है आपके काम की, मिलेगा घर को नया लुक Agra News
इस दिवाली सोच रहे हैं पर्दे बदलने की ताे येे खबर है आपके काम की, मिलेगा घर को नया लुक Agra News

आगरा, तनु गुप्‍ता। इंटीरियर डिजाइनिंग की दुनिया में कहा जाता है कि दुल्‍हन के माथे की बिंदिया जैसे उसका श्रंगार पूरा करती है उसी तरह घर की साज सज्‍जा को पूर्ण रूप खिड़की दरवाजों पर लगे पर्दों से ही मिलता है। कमरे में लगे पर्दे जैसे जीवंतता डाल देते हैं। त्‍योहार के मौसम में घर की दीवारों पर पेंट कराना ही काफी नहीं होता है। पेंट और अन्‍य साज सज्‍जा के साथ पर्दों की भी अ‍हमियत होती है। इस बात को ध्‍यान में रखते हुए ही आजकल बाजार में डिजायनर सहित पर्दे की ढेरों वैरायटी उपलबध है। जिन्‍हें खासा पसंद किया जा रहा है। राजामंडी बाजार, जौहरी बाजार, सदर बाजार, शाहगंज आदि के बाजारों में मौजूद दुकानों पर ये पर्दे आसानी से उपलब्‍ध हैं।

पर्दों की वैरायटियां

राजामंडी बाजार के पर्दा विक्रेता सुनील अग्रवाल के अनुसार बाजार में आजकल पर्दे के अलग- अलग प्रकार के प्रिंटेड व प्लेन कपड़े आसानी से मिल जाते हैं। जिनमें वेलवेट, पॉलिस्टर क्रश, कॉटन-सिंथेटिक मिक्स मटेरियल आदि प्रमुख हैं। पर्दे बनवाने के झंझट से बचने के लिए रेडिमेड पर्दे खरीद सकते हैं। जो सिले सिलाए होते हैं। कुछ लोग सजावट के लिए पर्दे लगाते हैं तो कुछ धूल- धूप से बचने के लिए घरों में पर्दे लगाते हैं। आजकल तो डिजाइनर पर्दों का चलन है। जो उपयोगी होने के साथ-साथ खूबसूरत भी होते हैं।

वेलवेट के पर्दे

वेलवेट के पर्दे बहुत ही साफ्ट व मखमली होते हैं। यह प्रिंटेड व प्लेन दोनों ही वैरायटियों में मिलते हैं। वेलवेट का पर्दा अपेक्षाकृत महँगा पड़ता है। इसके दाम करीब 225 रुपए प्रति मीटर से शुरू होते हैं।

पॉलिस्टर क्रश

यह सिलवटों वाला मटेरियल होता है। जिसे क्रश मटेरियल कहा जाता है। क्रश के अक्सर प्लेन पर्दे बाजार में मिलते हैं। इन पर्दों के शुरुआती दाम 110 रुपए प्रति मीटर होते हैं।

मोती वाला कर्टन

आजकल बाजार में 'मोती वाला कर्टन' का चलन है। यह बेहद ही खूबसूरत डिजाइनर रेडिमेड कर्टन होता है। जिसमें सुंदर-सुंदर रंग-बिरंगे मोती की लंबी-लंबी लड़ियाँ लगी होती हैं। इस कर्टन की कीमत 560 रुपए से शुरू होकर 750 रुपए तक होती है।

कॉटन-सिंथेटिक मिक्स

पर्दे का कॉटन- सिंथेटिक मिक्स मटेरियल 60 रुपए से 250 रुपए प्रति मीटर के हिसाब से मिलता है। यह पर्दे के कपड़े की शुरुआती रेंज रहती है। कॉटन सिंथेटिक मिक्स मटेरियल में आपको खूबसूरत फ्लावर प्रिंट व लाइनिंग के पर्दे मिल जाएंंगे। दाम में किफायती यह पर्दे आम व्यक्ति आसानी से खरीद सकता है।

विस्कोस गोप कर्टन

यह एक प्रकार का रेडिमेड पर्दा है। जिसे मोटे धागों से बनाया जाता है। यह पर्दा दिखने में बहुत ही खूबसूरत लगता है। इसकी कीमत 250 रुपए सेे शुुुुरु हैै। 

वास्‍तु के अनुसार करें पर्दे के रंग का चयन

घर और घर की साज सज्‍जा जीवन की सोच पर बहुत प्रभाव डालती है। वास्‍तुविद डॉ शोनू मेहरोत्रा के अनुसार घर का हर कोना उसमें रहने वाले व्‍यक्तियों के जीवन में विशेष प्रभाव डालता है। इसमें पर्दे के रंग में शामिल हैं। पर्दों के रंग हमारी सोच को प्रभावित करते हैं।

हरा रंग

हरा रंग विकास तथा सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। वास्तु या ज्योतिष दोनों शास्त्र ने इस रंग को शुभ माना है। यह रंग शरीर के स्नायु तंत्र को मजबूत करके हमारे मन मस्तिष्क को स्फूर्ति प्रदान करता है यही कारण है कि इसे अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक भी माना जाता है इसीलिए सभी हॉस्पिटल में हरे रंग के पर्दे का प्रयोग होता है। यह रंग बीमार व्यक्ति को शीघ्र ही स्वस्थ्य होने का संकेत देता है। घर में पर्दे के रूप में इस रंग का प्रयोग करने से उस स्थान का वातावरण प्रफुल्लित हो जाता है। यदि आप इस रंग के पर्दे का प्रयोग अध्ययन कक्ष (स्टडी रूम में) में करते है तो एकाग्रता बढ़ती है। इससे बच्चों के अन्तःचेतना में रचनात्मक विकास होता है। पूर्व दिशा में हरे रंग के पर्दे का उपयोग करते है तो आप मन, वचन और कर्म से सात्विक तथा अग्रसोची होंगे।

पर्पल रंग

यह रंग पूर्णतः विश्वास और निष्ठा का प्रतीक है। इसलिए अपने कमरों में हल्का पर्पल रंग के पर्दे का उपयोग करने से घर का पूरा वातावरण शांत और खुशनुमा बना रहेगा। किसी हद तक यह रंग व्यक्ति को आध्यात्म से भी जोड़ने की कोशिश करता है।

लाल रंग

लाल रंग बहादुरी और शक्ति का प्रतिक है। बेडरूम में इसका प्रयोग नहीं करना चाहिए क्योंकि इसका असर दिमाग पे बहुत तेजी से होता है। इसका प्रयोग किसी कमरें में भी नहीं करना चाहिए। छोटी-छोटी बातों में नर्वस होने वाले व्यक्ति को बहुत ही नुकसानदायक साबित होता है ये रंग। दक्षिण दिशा के कोने का कमरा हो तो लााल रंग के पर्दे उपयुक्त रहते हैं।

पीला रंग

पीला या पीत वर्ण ज्ञान, तपस्या, पोषण, धैर्य तथा आध्यात्मिकता का प्रतीक है। पूजा घर में इस रंग का प्रयोग करना श्रेष्ठकर माना जाता है अतः पूजा घर मे यदि आप पर्दे के उपयोग कर रहे है तो पीला रंग का पर्दा लगाना चाहिये। यह रंग उस कमरे की चमक व रौशनी को बढ़ाने में भी सहायक है जहांं प्रत्यक्ष रूप से प्राकृतिक प्रकाश का अभाव है। यदि चाहते हैं कि घर के माहौल में शिक्षा का प्रभाव हो ताेे हल्का पिले रंग का धारीनुमा पर्दा निश्चित ही आपके सपने को साकार करने में मदद करेगा। दक्षिण-पूर्वी कमरे में पीले या नारंगी रंग का प्रयोग करना चाहिए।

नारंगी रंग

यह रंग रचनात्मकता, आत्मसम्मान,सकारात्मक विचार और धार्मिकता का प्रतीक है। इस रंग का प्रभाव हमारे मन मस्तिष्क में होने वाले विचारों पर पड़ता है। यह रंग आपके सोच में गंभीरता लाता है। यदि आपसी रिलेशनशिप में परेशानी हो रही है तो आपको अपने बैडरूम में इस नारंगी रंग का पर्दा लगाना चाहिए इससे संबंधों में प्रग्राढ़ता तथा मधुरता आएगी।

गुलाबी रंग

गुलाबी रंग सहज ही व्यक्ति के मन को मोह लेने वाला है। इस रंग के देखने मात्र से अंग-प्रत्यंग में कामुकता की लहर दौड़ जाती है। इसी कारण दक्षिण- पश्चिम दिशा में स्थित बैडरूम में इस रंग का पर्दा लगाना शुभ माना गया है। हल्क़ा पिंक या गुलाबी रंग के पर्दा लगाने से मानसिक शांति, रिश्तों में मधुरता तथा दाम्पत्य जीवन रोमांस से भरा रहता है।

काला रंग

काले रंग का उपयोग कभी भी घरों की सजावट में नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे नकारात्मकता बनी रहती है। इससे घर का पूरा माहौल निराशाजनक और तनावपूर्ण बना रहता है।

नीला रंग

उत्तर दिशा के कमरे में नीले रंग के पर्दे लगाने चाहिए। यह रंग हमारे सपने को साकार तथा समृद्धि और सुकून देने वाला माना जाता है। इस रंग के पर्दे का प्रयोग मुख्य रूप से मेडिटेशन रूम, बेडरूम और ड्राइंग रूम में करना चाहिए। इस रंग के प्रभाव से जातक में शांति और धैर्य का विकास होता है।

सफेद वा क्रीम रंग

यह रंग शांति प्रदान करने वाला रंग है। यह रंग सर्वगुण सम्पन्न है। यदि आपका बेडरूम उत्तर-पश्चिम या केवल पश्चिम दिशा में है तो आप क्रीम या सफेद रंग के परदे लगा सकते है। ड्राइंग रूम में भी आप क्रीम या सफेद रंग के परदे का प्रयोग कर सकते हैं।

क्‍या कहते हैं एक्‍सपर्ट

घर की साज सज्‍जा में कोई कमी यदि रह जाए वो पर्दों से पूरी हो सकती है। पर्दे ख्‍रीदते वक्‍त कमरे के आकार और प्रकाश ध्‍यान जरूर रखना चाहिए।

- अनामिका तोमर, इंटीरियर डिजाइनर

क्रश और मोती वाले कर्टेन की इन दिनों काफी डिमांड है। दीपावली के चलते लोग रेडिमेड कर्टेन खरीदना अधिक बेहतर समझ रहे हैं। इसलिए रेडिमेड कर्टेन की बड़ी रेंज इस वक्‍त दुकानों पर आई हुई है।

- राजा गोयल, पर्दा विक्रेता, जौहरी बाजार

दीवारों पर रंग की तरह ही पर्दों के रंग घर में रहने वाले लोगों के जीवन पर प्रभाव डालते हैं। इसके अलावा पर्दों की डिजाइन भी वास्‍तु में विशेष महत्‍व रखती है। ज्‍यादा धारियां सोच ज्‍यादा देती हैं तो फूल पत्तियां और हल्‍के रंग खुशहाली महसूस कराते हैं।

- डॉ शोनू मेहरोत्रा, ज्‍योतिषाचार्य एवं वास्‍तुविद

 

chat bot
आपका साथी