थम जाएगा आज प्रचार का शोर, घर- घर पहुंचने की लगेगी माननीयों में होड़

शाम छह बजे चुनाव प्रचार हो जाएगा बंद। अप्रैल की सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा मतदान।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 16 Apr 2019 10:44 AM (IST) Updated:Tue, 16 Apr 2019 10:44 AM (IST)
थम जाएगा आज प्रचार का शोर, घर- घर पहुंचने की लगेगी माननीयों में होड़
थम जाएगा आज प्रचार का शोर, घर- घर पहुंचने की लगेगी माननीयों में होड़

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा की दोनों लोकसभा सीटों के लिए मंगलवार शाम छह बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। फिर न तो कोई रैली होगी और न ही जुलूस निकलेगा। प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। 17 अप्रैल की सुबह छह बजे सभी मतदान कार्मिकों को फीरोजाबाद रोड पर स्थित मंडी समिति पर पहुंचना होगा। दोपहर बाद 3778 पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू होगी। रात तक सभी पार्टियां बूथों पर पहुंच जाएंगी। 18 अप्रैल की सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

दो घंटे में भेजनी होगी रिपोर्ट

सोमवार दोपहर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। आरबीएस कॉलेज में डीएम एनजी रवि कुमार ने कहा कि दो घंटे के अंतराल में मतदान के फीसद की रिपोर्ट भेजनी होगी। बूथ से सौ मीटर की दूरी पर कोई भी व्यक्ति मोबाइल लेकर नहीं जा सकेगा। न ही प्रचार प्रसार किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तार किया जा सकता है। बूथ से दो सौ मीटर की दूरी पर सभी दल बस्ते लगा सकेंगे। जहां एक मेज और दो कुर्सियां लगाने की अनुमति रहेगी। एडीएम प्रशासन निधि श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस लाइन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की संयुक्त बैठक होगी। वहीं रात को सेंट जोंस कन्या इंटर कॉलेज में मजिस्ट्रेटों का दोबारा प्रशिक्षण दिया। प्रशासनिक अफसरों ने चुनाव संबंधी सवाल पूछे।

45 हजार के करीब जुटेंगे कर्मचारी

मंडी समिति में 45 हजार के करीब कर्मचारी जुटेंगे। जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के किसी को भी एंट्री नहीं मिलेगी। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही है।

दस रुपये में मिलेगी खाने की थाली

मंडी समिति, फीरोजाबाद रोड पर दस रुपये में थाली मिलेगी। थाली में पांच रोटी, सब्जी, दाल होगी। पिछले दिनों कर्मचारियों की ट्रेनिंग के दौरान दस रुपये में थाली देने की व्यवस्था की गई थी। कर्मचारियों को दिक्कत न हो, इसके लिए ऐसा पहली बार किया गया था।

24 प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में

17वीं लोकसभा चुनाव में आगरा की दोनों लोकसभा सीट में 24 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। आगरा लोकसभा सीट में नौ और फतेहपुरसीकरी में 15 प्रत्याशी शामिल हैं।

लोकसभा चुनाव-2019 एक नजर में

- चुनाव के मद्देनजर जिले को 75 जोन और 411 सेक्टर में बांटा गया है।

- दोनों लोकसभा सीटों में 33.50 लाख वोटर हैं। 19 लाख पुरुष और 15 लाख महिला वोटर हैं। 16 हजार दिव्यांग वोटर हैं। दस हजार सर्विस वोटर हैं।

- जिले में 3778 बूथ हैं। सबसे अधिक एत्मादपुर विस क्षेत्र में 472 और सबसे कम फतेहाबाद विस क्षेत्र में 361 बूथ हैं।

- चुनाव में 21 हजार मतदान कार्मिक लगे हुए हैं। 17 हजार पुरुष और चार हजार महिला कर्मचारी शामिल हैं।

- जिले में 380 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी।

- प्रत्येक विधानसभा में एक सखी बूथ होगा जिसमें महिला पीठासीन अधिकारी सहित अन्य होंगी।

- जिले में तीन सौ मॉडल बूथ बनाए जाएंगे।

- सभी बूथों में बिजली, पानी, शौचालय और दिव्यांग वोटर होने पर व्हील चेयर रहेगी।

- जिले में 611 क्रिटिकल बूथ और 719 बल्नरेबिल बूथ बनाए गए हैं।

- चुनाव में 611 माइक्रो आब्र्जवर लगाए गए हैं।

- चुनाव में एक हजार बड़े, 1300 छोटे, 200 रोडवेज बसें लगाई गई हैं।

- सभी बूथों पर वीवी पैट का इस्तेमाल किया जाएगा।

- बीस फीसद ईवीएम और 27 फीसद वीवी पैट को सुरक्षित रखा जाएगा।

मतदान कार्मिक अपने साथ यह सामान लेकर आएं

- पीठासीन बैग या फिर संबंधित चुनावी ड्यूटी किट

- मोबाइल व पॉवर बैंक

- उल्टी-दस्त की दवा, ग्लूकोज या फिर अन्य कोई दवाएं

- छोटी टार्च

- चादर

- ब्रश व टूथपेस्ट

- तौलिया

- कंघी, तेल व शीशा

- मच्छर रोधी क्रीम

- सूखे मेवा

- नमकीन या फिर अन्य खाने की चीज

यह सामान लेकर न आएं

- बंदूक, रिवाल्वर या फिर पिस्टल

- बड़ा चाकू

दोनों लोकसभा सीट पर मंगलवार शाम छह बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। न कोई रैली होगी और न ही कोई भी प्रत्याशी जुलूस निकाल सकेगा। 17 अप्रैल को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।

एनजी रवि कुमार, डीएम

chat bot
आपका साथी