जिला उपाध्यक्ष की सांस लौटी, भाजपाइयों ने कर दिया शोक व्यक्त

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ब्रज मोहन जोशी की सैंया में हुई रैली के बाद बिगड़ी तबीयत, डेंगू होने पर दिल्ली में चल रहा था इलाज, भाजयुमो ने जल्दबाजी में बता दिया निधन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Nov 2018 09:30 AM (IST) Updated:Sat, 10 Nov 2018 09:30 AM (IST)
जिला उपाध्यक्ष की सांस लौटी, भाजपाइयों ने कर दिया शोक व्यक्त
जिला उपाध्यक्ष की सांस लौटी, भाजपाइयों ने कर दिया शोक व्यक्त

आगरा (जागरण संवाददाता): डेंगू से जंग लड़ रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष की शुक्रवार दोपहर में एंबुलेंस से घर ले जाते समय सांस लौट आई। उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल, दिल्ली में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जिला उपाध्यक्ष की डेंगू से मौत की विज्ञप्ति जारी कर दी, और कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली रवाना हो गए।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ब्रज मोहन जोशी (53) निवासी शमसाबाद रोड चमरोली का दिल्ली के चांदनी चौक में कपड़े का कारोबार है। उनका दिल्ली में भी निवास है। जोशी बाह क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय हैं। वे दो नवंबर को सैंया में भाजपा द्वारा आयोजित रैली में शामिल हुए, उन्हें 102 डिग्री बुखार था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने कपूर हॉस्पिटल करौल बाग में भर्ती कराया। यहां डेंगू की पुष्टि होने के बाद इलाज चल रहा था, दोपहर दो बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे मोहित जोशी ने बताया कि उन्हें एंबुलेंस से घर ले जा रहे थे, साथ में डॉक्टर भी थे। उन्होंने रास्ते में दिल की धड़कन और सांस लेने की जानकारी दी, उन्हें तुरंत राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल, दिल्ली में भर्ती करा दिया। यहां हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोफिजीशियन सहित डॉक्टरों की टीम इलाज करने में जुट गई। उधर, सोशल मीडिया पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष की मौत की खबरें आने लगीं। भाजपाई सहित शहरवासियों ने उनकी मौत पर श्रद्धांजलि दे दी। शाम पांच बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा ने विज्ञप्ति जारी करते हुए लिखा है कि डेंगू से जिला उपाध्यक्ष की मौत से भाजपाई स्तब्ध हैं, जिले के सभी पदाधिकारी उनके अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली कूच कर रहे हैं। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, लोक सभा क्षेत्र संयोजक गिर्राज कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष राम कुमार शर्मा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सहदेव शर्मा, मनोज गुप्ता के नाम लिखे हैं।

chat bot
आपका साथी