Agra Lockdown Update Part 2: एसएसपी ने हरीपर्वत चौराहे पर भाजपा नेता की पजैरो गाड़ी की सीज

Agra Lockdown Update Part 2 पेपर नहीं दिखा सका चालक। भाजपा नेता जितेंद्र चौहान के नाम से पंजीकृत है गाड़ी। पत्नी हैं बृज क्षेत्र महिला मोर्चा अध्यक्ष।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 19 Apr 2020 04:51 PM (IST) Updated:Sun, 19 Apr 2020 04:51 PM (IST)
Agra Lockdown Update Part 2: एसएसपी ने हरीपर्वत चौराहे पर भाजपा नेता की पजैरो गाड़ी की सीज
Agra Lockdown Update Part 2: एसएसपी ने हरीपर्वत चौराहे पर भाजपा नेता की पजैरो गाड़ी की सीज

आगरा,  जागरण संवाददाता। बिना काम सड़कों पर घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती के लपेटे में भाजपा नेता भी आ गए। भाजपा नेता की पजैरो गाड़ी हरीपर्वत चौराहे पर चेकिंग के दौरान एसएसपी बबलू कुमार ने सीज करा दी। चालक पुलिस के मांगने पर गाड़ी के पेपर नहीं दिखा सका था। इसी में पुलिस ने गाड़ी सीज की। भाजपा नेता का कहना है कि उनका चालक हड़बड़ाहट में जानकारी नहीं दे सका था। इसीलिए भ्रम में पुलिस ने कार्रवाई की है।

आगरा में लॉकडाउन को शासन स्तर से असंतोषजनक बताए जाने के बाद रविवार को सुबह से ही पुलिस एक्शन में थी। कॉलोनियों में आने वाले दूध वालों और सब्जी वालों को भी पुलिस ने नहीं आने दिया। इसके साथ सड़कों पर लगे सभी बैरियरों पर पुलिस ने सख्ती कर दी। दोपहर 12.30 बजे एसएसपी बबलू कुमार लॉकडाउन का जायजा लेने शहर में घूम रहे थे। वे हरीपर्वत चौराहे पर खड़े थे। तभी भाजपा का झंडा लगी पजैरो गाड़ी वहां से जाती हुई दिखी। उनके निर्देश पर पुलिस ने गाड़ी को रोका। चालक से गाड़ी को लेकर घूमने का कारण पूछा तो वह सही जानकारी नहीं दे सका। पुलिस का कहना है कि चालक गाड़ी के पेपर भी नहीं दिखा सका। इसीलिए गाड़ी 207 एमवी एक्ट में सीज कर दी गई। यह गाड़ी भाजपा नेता जितेंद्र चौहान के नाम आरटीओ में पंजीकृत है। उनकी पत्नी बबिता चौहान बृजक्षेत्र महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं। भाजपा नेता जितेंद्र चौहान का कहना है कि गाड़ी संगठन द्वारा कराए जा रहे सेनेटाइजेशन के काम में लगी है। चालक मास्क और केमिकल देकर लौट रहा था। उसने एसएसपी को मास्क भी दिखाए थे। मगर, वह पूरी जानकारी नहीं दे सका। इसीलिए गाड़ी सीज हो गई। अब अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत अजय कौशल ने बताया कि चालक द्वारा गाड़ी के पेपर न दिखाए जाने के कारण सीज किया गया है। 

chat bot
आपका साथी