Weather Update: बेमौसम बरसात से आफत, आगरा में बारिश से दिन की शुरुआत, पढ़ें अलीगढ़ में तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

Weather Updater अलीगढ़ जिले के दर्जनभर गांवों में ओले पड़ने से फसल को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं एवं लाहा की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बारिश-ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। एेसे में आज आंधी और 21 तक बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 19 Mar 2023 07:29 AM (IST) Updated:Sun, 19 Mar 2023 07:30 AM (IST)
Weather Update: बेमौसम बरसात से आफत, आगरा में बारिश से दिन की शुरुआत, पढ़ें अलीगढ़ में तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
Weather Update: आज आंधी और 21 तक बारिश के आसार।

आगरा, जागरण संवाददाता। शनिवार को तापमान में गिरावट आई। पूरा दिन धूप निकली लेकिन उसमें तपिश नहीं थी। ठंडी हवा भी चलती रही। मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि 19 मार्च को आंधी चलेगी और बिजली चमकेगी। 21 मार्च तक वर्षा के भी आसार हैं। आगरा में रविवार की सुबह काले बादलों ने डेरा डाल दिया। सात बजते ही बारिश होने लगी। हवा के झोंकों ने लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास कराया।

हल्के गर्म कपड़ों में कैद बच्चे

शुक्रवार को वर्षा होने के कारण रात में पंखा चलाने की जरूरत भी महसूस नहीं हुई। छोटे बच्चों को हल्के गर्म कपड़े पहना दिए गए। शनिवार को कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। इसके बाद धूप तो निकली लेकिन ठंडक रही। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिसके बाद 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी गिरा और 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 19 से 21 मार्च तक आंधी चलेगी और बिजली चमकेगी। वर्षा भी हो सकती है। मौसम विज्ञानी डा. दानिश के अनुसार यह बदलाव अफगानिस्तान में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहे हैं। 21 के बाद मौसम खुलेगा और धूप निकलेगी।

अलीगढ़ में बारिश-ओलावृष्टि से फसल को नुकसान

बेमौसम बरसात शनिवार को आफत लेकर आई। जवां क्षेत्र में गेहूं और सरसों की खड़ी फसल गिर गई। एक दर्जन से अधिक गांवों में तेज हवा एवं ओलावृष्टि से फसल प्रभावित हुई है। शुक्रवार को ओलावृष्टि से गभाना में भी नुकसान की सूचना मिली, जहां प्रशासन सर्वे करा रहा है। किसानों की चिंता बढ़ रही है। वहीं, जनपद समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई जनपदों में वर्षा-ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है। वातावरण में भी कुछ ठंडक घुल गई।

धूप के तेवर हुए ढीले

शनिवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री एवं न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम के मिजाज में यकायक परिवर्तन हुआ है। मार्च के द्वितीय सप्ताह में तेज धूप के साथ उमस महसूस हो रही थी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री तक पहुंचा। अब तीन दिनों से मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ है। आसमान पर बादलों ने डेरा डाल रखा है। शनिवार को भी सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे। सुबह थोड़ी देर के लिए सूरज निकला, फिर दोपहर तक बादलों में छिप गया। शाम को आसमान पर घने बादल छा गए।

दिन में छाया अंधेरा

दिन में ही अंधेरा सा छा गया। हवा चलने से वातावरण में ठंडक महसूस हुई। वहीं, रात को बारिश शुरू हो गई। इससे जनजीवन बाधित हुआ। बाजार जल्दी बंद हो गए। मौसम विशेषज्ञ डा. रामपलट ने बताया कि 21 मार्च तक ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा की संभावना रहेगी। इससे मुख्यत: गेहूं एवं सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है।

chat bot
आपका साथी