आगरा में पुलिस ने चिता से उठाए शव के अवशेष, दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप

फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र का मामला। भाई ने ससुरालीजन के खिलाफ लिखाया दहेज हत्या का मुकदमा। सीओ अछनेरा का कहना मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 02:35 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 02:35 PM (IST)
आगरा में पुलिस ने चिता से उठाए शव के अवशेष, दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप
फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का मामला।

आगरा, जागरण संवाददाता। फतेहपुर सीकरी के दुलारा गांव में रविवार तड़के विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।ससुरालीजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने चिता से शव के अवशेष उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।

कागारौल थाना क्षेत्र के अकोला निवासी छीतर सिंह ने बताया कि उनकी बहन सोनिया और बबली की शादी 29 अप्रैल 2018 को फतेहपुर सीकरी के दुलारा निवासी हरेंद्र और शैलेद्र से हुई थी। शादी के बाद बबली अपने पति के साथ नौकरी पर चली गई। सोनिया से उसके पति हरेंद्र और ससुर हरपाल दहेज को लेकर खुश नहीं थे। वे दो लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। न मिलने पर उन्होंने सोनिया से मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। रिश्तेदारों ने समझाकर सोनिया को फिर ससुराल भेज दिया था।रविवार को दुलारा से किसी व्यक्ति ने फोन करके उन्हें बताया कि सोनिया की हत्या कर उसके शव को जला दिया गया है। उन्होंने तभी यूपी 112 पर काल करके शिकायत की। इसके बाद पुलिस के साथ वे दुलारा पहुंच। तब तक शव के कुछ अवशेष ही चिता पर बचे थे। पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। छीतर सिंह की तहरीर पर फतेहपुर सीकरी थाने में पति हरेंद्र, सास अरुणा, ससुर हरपाल व दो अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी