पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने किया प्रतिमा का अनावरण

By Edited By: Publish:Sun, 04 Nov 2012 09:54 PM (IST) Updated:Sun, 04 Nov 2012 09:54 PM (IST)
पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने किया प्रतिमा का अनावरण

जागरण संवाददाता, आगरा: दीवानी चौराहे पर रविवार को देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे। जय भारत माता के नारे देश भक्ति का जोश भर रहे थे । 'तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें' भारत मां के लिए सब कुछ बलिदान करने का संदेश दे रहा था। मौका था वहां भारत माता की प्रतिमा के अनावरण का, जिसे पुनस्र्थापति किया गया है। प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने किया।

भारत माता की प्रतिमा को बीती 20 मई को खंडित कर दिया गया था। भारत विकास परिषद विक्रमादित्य ने रविवार को नई प्रतिमा स्थापित कराई। पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया। जयपुर के मशहूर शिल्पियों ने यह प्रतिमा बनाई है।

अनावरण के बाद एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत के सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका विषय था 'भारत माता, सबकी माता'। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि हमारे देश में मां का विशेष महत्व है। इसलिए अपने देश को भी भारत माता कहकर पुकारा जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही प्राइमरी तक एक ही पाठ्यक्रम निर्धारित करेगी। माध्यम भी केवल हिंदी भाषा होगी।

सांसद रामशंकर कठेरिया व विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग मजबूत करने व पार्क का सुंदरीकरण कराने की बात कही। परिषद के राष्ट्रीय संयोजक हरिनारायण चतुर्वेदी, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, डॉ. महेश भार्गव, योगी सिद्धनाथ, भाजपा के अशोक राना, डॉ. हरेंद्र चौहान, विनय सिंघल, पियूष भार्गव, एसके उपाध्याय, संदीप दरगर, मयंक खंडेलवाल, गजेंद्र सिंह, अजय त्यागी आदि मौजूद रहे। संचालन व आभार प्रदर्शन अखिलेश दुबे व राकेश अवस्थी ने किया।

शिक्षकों ने दिया ज्ञापन

डॉ.भीमराव अंबेडकर विवि अनुबंधित शिक्षक संघ के अजय यादव, डीके सिंह, रजनीश त्यागी आदि ने राजनाथ सिंह को एक ज्ञापन दिया। जिसमें उन्होंने विवि के 72 अनुबंधित शिक्षकों के सेवा विस्तार किये जाने की मांग की।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी